India-EU Trade Deal: भारत और यूरोपीय यूनियन (EU) के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) हो चुका है। इस एग्रीमेंट के तहत यूरोपीय यूनियन से कारों के आयात पर ड्यूटी को 110% से घटाकर 10% तक लाया जाएगा और इसका सालाना कोटा 2.5 लाख गाड़ियों का तय किया गया है। इस डील के चलते पिछले दशक में बाजार में अपना दबदबा गंवाने के बाद अब यूरोप की दिग्गज कार कंपनियों के पास विस्तार की संभावनाएं बढ़ी हैं। अभी की बात करें तो इंडस्ट्री के आंकड़ों के मुताबिक फॉक्सवैगन (Volkswagen), रेनॉल्ट (Renault) और बीएमडब्ल्यू (BMW) जैसी यूरोपीय कंपनियों की भारत के कार मार्केट में 3% से भी कम हिस्सेदारी है। अभी यहां मारुति सुजुकी इंडिया (Maruti Suzuki India), महिंद्रा एंड महिंद्रा (Mahindra and Mahindra- M&M) और टाटा मोटर्स पैसेंजर वेईकल्स (Tata Motors PV) का दबदबा है जिनका दो-तिहाई मार्केट पर कब्जा है।
