India-Pakistan Conflict : पाकिस्तान के पास हैं कौन सी मिसाइलें, वे कितनी दूर तक कर सकती हैं मार,जानें फतह-II से शाहीन-III तक का हाल

Pakistani Missile attack : भारत ने शनिवार, 10 मई की सुबह हरियाणा के सिरसा के ऊपर दिल्ली पर निशाना साधते हुए दागी गई पाकिस्तानी फतह-2 मिसाइल को मार गिराया

अपडेटेड May 10, 2025 पर 1:23 PM
Story continues below Advertisement
पाकिस्तान की गौरी-II मिसाइल की मारक क्षमता 2,000 किलोमीटर से ज्यादा है और यह गौरी-I (1,300 किलोमीटर रेंज) का उन्नत संस्करण है। यह अधिक दूरी तक परमाणु या पारंपरिक हथियार ले जा सकती है। इसका विकास उत्तर कोरिया की नोडोंग मिसाइल से हुआ है

Pakistani Missiles : भारत ने शनिवार, 10 मई की सुबह हरियाणा के सिरसा के ऊपर फतह-II मिसाइल को मार गिराया। यह बैलिस्टिक मिसाइल पाकिस्तान द्वारा उस समय दागी गई थी, जब वह शुक्रवार-शनिवार की रात में कई भारतीय शहरों पर बिना उकसावे के हमले कर रहा था। सूत्रों का कहना है कि मिसाइल का टारगेट दिल्ली था। इसे भारत की बराक-8 मिसाइल डिफेंस सिस्टम द्वारा रोक दिया गया। फतह-II एक हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल है जिसकी मारक क्षमता 400 किलोमीटर से अधिक है। पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और गुजरात के सीमावर्ती क्षेत्रों में मिसाइलों, ड्रोनों और तोपों से हमला करने तथा आगे तक हमले बढ़ाने के प्रयास के बाद भारत के कई शहर हाई अलर्ट पर हैं।

सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के आधार पर सीएनएन-न्यूज18 ने बताया है कि भारत ने पाकिस्तान के रात में हुए हमलों का जवाब देते हुए शनिवार तड़के इस्लामाबाद, लाहौर और रावलपिंडी शहरों तथा तीन वायुसेना ठिकानों पर हमला किया। पाकिस्तान के कई शहरों में कई विस्फोट हुए हैं। रावलपिंडी में दो, लाहौर और इस्लामाबाद में एक-एक विस्फोट हुए हैं। तीन वायुसेना ठिकानों , रावलपिंडी में नूर खान एयरबेस, पंजाब के शोरकोट में रफीकी एयरबेस और पंजाब के चकवाल में मुरीद एयरबेस को भी हमलों में निशाना बनाया गया।

चूंकि पाकिस्तान लगातार अकारण गोलीबारी कर रहा है, इसलिए उसके पास मौजूद मिसाइलों पर एक नजर डाल लेते हैं:


मध्यम और लंबी दूरी की मिसाइलें

फतह-II

फतह-II एक हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल है जिसकी मारक क्षमता 400 किमी है। ये गाइडेड आर्टिलरी रॉकेट सिस्टम युद्ध के मैदान पर सटीक हमला करने की क्षमता प्रदान करता है। फतह-II, फतह-I का अधिक विकसित वर्जन है और इसकी तुलना अक्सर अन्य आधुनिक गाइडेट रॉकेटों जैसे कि अमेरिकी HIMARS-से लॉन्च होने वाली GMLRS या चीन की PHL-सीरीज सिस्टमों से की जाती है। फतह-II मिसाइल पारंपरागत या स्ट्रेटेजिक न्यूक्लियर पेलोड ले जा सकती है। इसमें नान-न्यूक्लियर सटीक हमला करने का विकल्प भी है, जिससे युद्ध के मैदान में इस्तेमाल के लिए स्ट्रेटेजिक न्यूक्लियर हथियारों पर निर्भरता कम हो जाती है।

शाहीन-III

यह पाकिस्तान की सबसे लम्बी दूरी की मिसाइल है जिसकी अनुमानित रेंज 2,750 किमी है। बताया जाता है कि यह भारत के सुदूर भागों, संभवतः पूरे देश तथा मध्य पूर्व के कुछ हिस्सों तक पहुंच सकता है। यह सतह से सतह पर मार करने वाली बैलिस्टिक मिसाइल है और इसमें पारंपरिक हथियारों के अलावा न्यूक्लियर पेलोड ले जाने की भी क्षमता है।

यह मिसाइल को तेजी से लॉन्च किया जाता है। इसमें ठोस ईंधन के इस्तेमाल कारण मिसाइल का भंडारण, तैनाती और इसे छिपाना आसान हो जाता है। इससे किसी लड़ाई में इसकी उपयोगिता बढ़ जाती है। यह पाकिस्तान की शाहीन-I (हत्फ़-IV) (750-900 किमी रेंज), शाहीन-IA (900 किमी रेंज) और शाहीन-II (हत्फ़-VI) (1,500-2,000 किमी रेंज) मिसाइलों की उत्तराधिकारी है।

India-Pakistan War : पाकिस्तान के रिटायर्ड आर्मी ऑफीसर ने मौलाना मुनीर से कहा, भारत से मत लो पंगा, 'कोई भी 'गजवा' हमें नहीं बचा पाएगा...'

गौरी-II

पाकिस्तान की गौरी-II मिसाइल की मारक क्षमता 2,000 किलोमीटर से ज्यादा है और यह गौरी-I (1,300 किलोमीटर रेंज) का उन्नत संस्करण है। यह अधिक दूरी तक परमाणु या पारंपरिक हथियार ले जा सकती है। इसका विकास उत्तर कोरिया की नोडोंग मिसाइल से हुआ है।

बाबर -3

पाकिस्तान के पास बाबर-3 भी है, जो एक पनडुब्बी से छोड़ी जा सकते वाली क्रूज मिसाइल (एसएलसीएम) है। इसकी मारक क्षमता लगभग 450 किलोमीटर है। इसका परीक्षण 2017 में किया गया था और इसे पानी के नीचे स्थित प्लेटफॉर्म से दागा गया था। यह मिसाइल परमाणु हथियार ले जा सकती है।

कम दूरी की मिसाइलें

अब्दाली (हत्फ़-II)

अब्दाली मिसाइल, जिसे हत्फ-II के नाम से भी जाना जाता है, एक छोटी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल है और इसकी अनुमानित रेंज 200 से 300 किमी है। यह पारंपरिक और परमाणु दोनों प्रकार के पेलोड तथा 500 किलोग्राम तक का वॉर हेड ले जा सकती है। सतह से सतह पर मार करने वाली इस मिसाइल में इनर्शियल गाइडेंस सिस्टम है, जो इसे हत्फ-1 की तुलना में ज्यादा सटीकता बनाता है।

ग़ज़नवी (हत्फ़-III)

गजनवी मिसाइल एक न्यूक्लियल कैपेबल छोटी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल है जिसकी मारक क्षमता लगभग 290-320 किलोमीटर है। यह ठोस ईंधन प्रोपल्शन का इस्तेमाल करती है, जिससे इसे तेजी से लॉन्च किया जा सकता। यह लगभग 500 किलोग्राम तक का न्यूक्लियर या पारंपरिक पेलोड ले जा सकती है।

नस्र (हत्फ़-IX)

नस्र मिसाइल एक स्ट्रेटेजिक बैलिस्टिक मिसाइल है जिसकी मारक क्षमता लगभग 70 किमी है। यह युद्ध में इस्तेमाल के लिए कम क्षमता वाले परमाणु हथियार ले जा सकती है। इसके आलावा पाकिस्तान के पास हर्बा मिसाइल भी है, जो जहाज से दागी जाने वाली क्रूज मिसाइल है। इसकी मारक क्षमता लगभग 300-450 किलोमीटर है। पाकिस्तान के पास ज़र्ब मिसाइल भी है जो एक कोस्टल डिफेंस मिसाइल है और इसकी मारक क्षमता 280-300 किमी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।