India Pakistan Tension: चेतावनी के बाद भी नहीं माना पाकिस्तान! अधिकारी व्योमिका सिंह और सोफिया कुरैशी ने बताया दुश्मन को कैसे दिया मुंहतोड़ जवाब

अधिकारियों ने बताया, भारत की तरफ से ये साफ किए जाने के बावजूद कि हमने पाकिस्तान या POK में किसी सैन्य ठिकाने को नहीं बल्कि आतंकी कैंपों निशान बनाया, फिर भी पाकिस्तान ने 7 और 8 मई की रात उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन हमारे एयर डिफेंस सिस्टम ने उसकी सभी कोशिशों नाकाम कर दिया

अपडेटेड May 08, 2025 पर 6:16 PM
Story continues below Advertisement
India Pakistan Tension: चेतावनी के बाद भी नहीं माना पाकिस्तान! अधिकारी व्योमिका सिंह और सोफिया कुरैशी ने बताया दुश्मन को कैसे दिया मुंहतोड़ जवाब

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान और भारत के बीच संघर्ष बढ़ गया है। इसी कड़ी में गुरुवार को विदेश मंत्रालय और सेना की एक ज्वाइंट प्रेस ब्रीफिंग की गई, जिसमें भारतीय सेना की ओर से कर्नल सोफिया कुरैशी और भारतीय वायुसेना की ओर से विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने गुरुवार को हुए नए संघर्ष की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया, भारत की तरफ से ये साफ किए जाने के बावजूद कि हमने पाकिस्तान या POK में किसी सैन्य ठिकाने को नहीं बल्कि आतंकी कैंपों निशान बनाया, फिर भी पाकिस्तान ने 7 और 8 मई की रात उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन हमारे एयर डिफेंस सिस्टम ने उसकी सभी कोशिशों नाकाम कर दिया।

कर्नल सोफिया कुरैशी ने ब्रीफिंग में कहा, "07 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर पर प्रेस ब्रीफिंग के दौरान, भारत ने अपनी प्रतिक्रिया को केंद्रित, मापा हुआ और बढ़ावा नहीं देने वाला बताया था। यह जोर देकर कहा गया था कि पाकिस्तानी सैन्य प्रतिष्ठानों को निशाना नहीं बनाया गया था। यह भी दोहराया गया था कि भारत में सैन्य ठिकानों पर कोई भी हमला हुआ, तो जवाब दिया जाएगा।"

पाकिस्तान ने कहां-कहां की हमले की कोशिश?


उन्होंने कहा, "07-08 मई 2025 की रात को, पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों का इस्तेमाल करके अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, भटिंडा, चंडीगढ़, नल, फलौदी, उत्तरलाई और भुज सहित उत्तरी और पश्चिमी भारत में कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। इन्हें इंटीग्रेटेड काउंटर UAAS ग्रिड और एयर डिफेंस सिस्टम ने बेअसर कर दिया। इन हमलों के मलबे अब कई स्थानों से बरामद किए जा रहे हैं, जो पाकिस्तानी हमलों को साबित करते हैं।"

कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा, "आज सुबह, भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में कई जगहों पर एयर डिफेंस रडार और सिस्टम को निशाना बनाया। भारत की प्रतिक्रिया पाकिस्तान की तरह ही समान क्षेत्र में और उतनी तेजी के साथ रही है। विश्वसनीय रूप से पता चला है कि लाहौर में एक एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह कर दिया गया है।"

पाकिस्तानी गोलीबारी में 16 निर्दोष लोगों की मौत

विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा, "पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुल्ला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में मोर्टार और भारी कैलिबर आर्टिलरी का इस्तेमाल करते हुए नियंत्रण रेखा पर अपनी अकारण गोलीबारी बढ़ा दी है। पाकिस्तानी गोलीबारी के कारण 16 निर्दोष लोगों की जान चली गई है, जिनमें तीन महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं। भारत को पाकिस्तान की ओर से मोर्टार और आर्टिलरी की गोलीबारी को रोकने के लिए जवाब देने के लिए मजबूर होना पड़ा। भारतीय सशस्त्र बल अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं, बशर्ते कि इसका पाकिस्तानी सेना की ओर से सम्मान किया जाए।"

ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव काफी ज्यादा बढ़ गया है। गुरुवार सुबह पाकिस्तान में लाहौर, कराची और रावलपिंडी में ड्रोन हमले हुए। न्यूज एजेंसी ANI ने सूत्रों के हवाले से बताया कि इस ऑपरेशन में पाकिस्तान के एयर डिफेंस यूनिट के हेडक्वार्टर-9 एयर डिफेंस मिसाइल लांचर्स को भारी नुकसान पहुंचा है।

Operation Sindoor: 'बड़ी संख्या में आतंकवादी मारे गए हैं': ऑपरेशन सिंदूर को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया अकल्पनीय, जवानों को किया सलाम

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।