India Pakistan War News Updates: देश की प्रमुख एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने 10 मई की सुबह तक अमृतसर और श्रीनगर सहित विभिन्न घरेलू एयरपोर्ट से 165 से अधिक फ्लाइट रद्द कर दी हैं। भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए जाने और एयरस्पेस पर लगे प्रतिबंध के मद्देनजर कुछ हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इंडिगो ने एक बयान में हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों पर सरकारी अधिसूचना के कारण अमृतसर, बीकानेर, चंडीगढ़, धर्मशाला, ग्वालियर, जम्मू, जोधपुर, किशनगढ़, लेह, राजकोट और श्रीनगर एयरपोर्ट से 165 से अधिक उड़ानें 10 मई, 2025 को सुबह पांच बजकर 29 मिनट तक के लिए रद्द कर दी गई हैं।
इस बीच, एयर इंडिया, इंडिगो, अकासा एयर और स्पाइसजेट ने भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच अपने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारतीय हवाई अड्डों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सभी एयरलाइनों ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। इनमें से एक महत्वपूर्ण सलाह यह है कि यात्रियों को दो बार सुरक्षा जांच से गुजरना होगा।
लेह चंडीगढ़ धर्मशाला की फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गई है। इसके अलावा किशनगढ़ राजकोट से आने वाली फ्लाइट भी रद्द हो गई है। वहीं, खबरों के मुताबिक भारत पाकिस्तान टेंशन के चलते सुरक्षा को देखते हुए देश भर में 27 एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं। इसमें भुज, भुंतर, चंडीगढ़, धर्मशाला, जम्मू, जोधपुर, जामनगर, अमृतसर, बठिंडा, बीकानेर, ग्वालियर और जैसलमेर जैसे प्रमुख शहरों में स्थित एयरपोर्ट शामिल हैं।
- अकासा एयर ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर कहा है, "भारत भर के सभी एयरपोर्ट पर सुरक्षा उपायों में वृद्धि के कारण हम आपसे अनुरोध करते हैं कि आप डिपार्चर से कम से कम 3 घंटे पहले हवाई अड्डे पर पहुंचें, ताकि एक सहज चेक-इन और बोर्डिंग सुनिश्चित हो सके। कृपया सुनिश्चित करें कि आप एयरपोर्ट में एंट्री के लिए वैध सरकार द्वारा अनुमोदित फोटो पहचान दस्तावेज साथ लेकर चलें। आपके चेक-इन बैगेज के अलावा, केवल 7 किलोग्राम तक वजन वाले एक हैंडबैग की अनुमति होगी। दिशानिर्देशों के अनुसार, सभी यात्रियों को बोर्डिंग से पहले दो बार सुरक्षा जांच से गुजरना होगा।"
- एयर इंडिया ने एक बयान में कहा, "हवाई अड्डों पर सुरक्षा उपायों को बढ़ाने के संबंध में नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो के आदेश के मद्देनजर पूरे भारत में यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे सुचारू चेक-इन और बोर्डिंग सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित डिपार्चर से कम से कम तीन घंटे पहले अपने संबंधित एयरपोर्ट पर पहुंचें।" साथ ही एयरलाइन ने कहा कि डिपार्चर से 75 मिनट पहले चेक-इन बंद हो जाएगा।"
- इंडिगो ने यात्रियों से एयरपोर्ट पर जल्दी पहुंचने और सुरक्षा जांच के लिए अतिरिक्त समय देने का भी आग्रह किया है। एयरलाइन ने कहा कि सभी हवाई अड्डों पर सुरक्षा के कड़े उपाय किए जा रहे हैं। हम आपसे अनुरोध करते हैं कि सुरक्षा जांच और औपचारिकताओं के लिए अपनी यात्रा के लिए कुछ अतिरिक्त समय दें। हम आपकी समझदारी और सहयोग की सराहना करते हैं। एक अलग बयान में एयरलाइन ने कहा कि 8 मई को या उससे पहले कुछ चुनिंदा एयरपोर्ट से की गई बुकिंग में बदलाव या रद्दीकरण शुल्क में छूट दी जा सकती है। ये एयरपोर्ट श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर, जोधपुर, किशनगढ़, राजकोट हैं।
- स्पाइसजेट की तरफ से जारी एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी में कहा गया है, "हम अपने सभी यात्रियों से अनुरोध करते हैं कि वे बीसीएएस दिशानिर्देशों के अनुसार डिपार्चर से कम से कम 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पर पहुंचें, ताकि समय पर सुरक्षा जांच और बोर्डिंग सुनिश्चित हो सके।" बयान में कहा गया है, "सभी यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने निर्धारित उड़ान के समय से कम से कम 3 घंटे पहले एयरपोर्ट पर पहुंचें। चेक-इन काउंटर डिपार्चर से 75 मिनट पहले बंद हो जाएंगे।"