Pahalgam terror Attack : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकी हमले के दो सप्ताह बाद बड़ा फेरबदल किया गया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोमवार को अनंतनाग जिले में छह अधिकारियों का तबादला किया है। इसमें पहलगाम थाने के एसएचओ (स्टेशन हाउस ऑफिसर) का नाम भी शामिल है। यह कदम हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद बढ़ी सुरक्षा चिंताओं के चलते उठाया गया है। इस हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे।
पहलगाम हमले के बाद बड़ा फेरबदल
तबादले के बाद पहलगाम के मौजूदा एसएचओ रेयाज अहमद को जिला पुलिस लाइन्स, अनंतनाग भेजा गया है और पीर गुलजार अहमद को नया एसएचओ पहलगाम बनाया गया है। अनंतनाग जिले में कुल 5 सब-डिविजनल पुलिस मुख्यालय और 11 पुलिस स्टेशन हैं, जिनमें पहलगाम, श्रीगुफवारा, अशमुकाम और बिजबेहरा जैसे इलाके शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, 22 अप्रैल को बैसरन घास के मैदान के पास हुए आतंकी हमले के दौरान सुरक्षा में लापरवाही बरतने पर सीआरपीएफ अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की गई है।
22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में आतंकियों ने दर्जनों पर्यटकों पर गोलियां चला दीं, जिसमें 26 लोगों की मौत हो गई। यह हमला 2019 में अनुच्छेद 370 हटने के बाद से घाटी में सबसे बड़ा और खतरनाक हमला था। इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के सहयोगी ग्रुप द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने ली है। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के साथ अपने कूटनीतिक रिश्तों में कमी करने का फैसला लिया। इस हमले के बाद देशभर में गुस्सा फैल गया और लोगों ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त जवाब की मांग की।