School Holiday: कल बंद रहेंगे सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल, इन जिलों में बारिश का रेड अलर्ट

School Holiday : वैष्णो देवी मंदिर के पास अर्धक्वारी में हुए बड़े भूस्खलन में पांच लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हालात को "काफी गंभीर" बताया और कहा कि वह हालात की निगरानी के लिए जम्मू जा रहे हैं

अपडेटेड Aug 26, 2025 पर 8:54 PM
Story continues below Advertisement
जम्म-कश्मीर के कई जिलों में मंगलवार बारिश और बाढ़ तबाही बनकर आई।

School Holiday : जम्म-कश्मीर के कई जिलों में मंगलवार बारिश और बाढ़ तबाही बनकर आई। भारी बारिश के बाद अचानक आई भयंकर बाढ़ ने कई इलाकों में घरों और मकानों को तिनके की तरह बहा ले गया। सैलाब का ऐसा मंजर सामने आया, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाए। वैष्णो देवी मंदिर के पास अर्धक्वारी में हुए बड़े भूस्खलन में पांच लोगों की मौत हो गई है। बाढ़ में कई घर, रेस्टोरेंट और होटल या तो क्षतिग्रस्त हो गए या बह गए। वहीं हालात को देखते हुए प्रशासन ने जिले के सभी स्कूलों को बुधवार को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।

बंद रहेंगे सारे स्कूल 

जम्मू में स्कूली शिक्षा निदेशक डॉ. नसीम जावेद चौधरी ने 27 अगस्त तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, निदेशालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, “मौजूदा खराब मौसम और कई जगहों पर बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए जम्मू संभाग के सभी सरकारी और निजी स्कूल 27 अगस्त 2025 को बंद रहेंगे।”

वैष्णो देवी के पास हादसा 

बता दें कि वैष्णो देवी मंदिर के पास अर्धक्वारी में हुए बड़े भूस्खलन में पांच लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने हालात को "काफी गंभीर" बताया और कहा कि वह हालात की निगरानी के लिए जम्मू जा रहे हैं। कश्मीर में ज्यादातर नदियां उफान पर हैं। इसी वजह से अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे पहाड़ी ढलानों और जलाशयों के पास न जाएं।


इन इलाकों में रेड अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मंगलवार को बताया कि उत्तर भारत में और ज्यादा बारिश हो सकती है। बीते दिनों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में हुई भारी बारिश से कई जगहों पर अचानक बाढ़ और भूस्खलन जैसी घटनाएँ सामने आई हैं। IMD ने 27 अगस्त को चेतावनी दी कि जम्मू और उत्तर-पश्चिमी पंजाब में बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है। साथ ही, अगले सात दिनों तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और पंजाब के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मंगलवार को कांगड़ा, चंबा और लाहौल-स्पीति जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी देते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया है। वहीं, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, मंडी, कुल्लू और शिमला के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।