कर्नाटक के पूर्व पुलिस प्रमुख (DGP) ओम प्रकाश रविवार को बेंगलुरु में घर में मृत पाए गए। पुलिस ने बताया कि जिस जगह उनका शव मिला, वहां फर्श पर हर जगह खून फैला हुआ था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ओम प्रकाश 1981 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी थे। पुलिस को शुरुआती तौर पर ये हत्या का मामला लग रहा है। ओम प्रकाश ने 2015-17 तक राज्य के DGP की कमान संभाली थी।
CNN-News18 के मुताबिक, शुरुआती जांच के अनुसार, पूर्व IPS अधिकारी प्रकाश का शव HSR लेआउट इलाके में उनके घर पर मिला था। शक है कि उनकी पत्नी पल्लवी ने ही इस हत्या को अंजाम दिया है। पुलिस को रिटायर्ड DGP के शरीर पर चाकू के घाव मिले हैं।
HSR लेआउट पुलिस फिलहाल आगे की जांच के लिए घटनास्थल पर है। पूर्व DGP की दुखद मौत से पुलिस विभाग और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई है।
शुरुआती जांच में उनकी पत्नी पल्लवी पर शक गहरा रहा है। पूछताछ के लिए उन्हें पुलिस हिरासत में ले लिया गया है, क्योंकि शुरुआती सबूत और परिस्थितियों से पता चलता है कि घरेलू कलह के कारण ही यह घटना हुई होगी।
ओम प्रकाश रिटायरमेंट के बाद अपनी पत्नी पल्लवी के साथ रहते थे। उनके दो बच्चे हैं। बताया जाता है कि पिछले कुछ दिनों से दंपत्ति के बीच अक्सर झगड़े और व्यक्तिगत मतभेद होते रहते थे।
पुलिस को शक है कि घटनास्थल पर जो चाकू मिला है, पल्लवी ने उसी से अपने पूर्व IPS अधिकारी पति की हत्या की है। उस चाकू को सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) सारा फातिमा घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। प्रकाश 1981 बैच के IPS अधिकारी थे और मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे।