IPL 2026: फ्री में मैच टिकट और अलग स्टैंड भी...मानी गई कर्नाटक के नाराज विधायकों की मांग

IPL 2026 : बेंगुलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल का पहला मैच खेला जाएगा। इसके अलावा, इन विधायकों को इस स्टेडियम में होने वाले आगे के सभी मैचों के लिए भी तीन-तीन टिकट दिए जाएंगे। 24 घंटे के भीतर ही पूरा मामला बदल गया

अपडेटेड Mar 27, 2026 पर 11:15 PM
Story continues below Advertisement
28 मार्च से आईपीएल का त्योहार देश में शुरू होने वाला है।

28 मार्च से आईपीएल का त्योहार देश में शुरू होने वाला है। इसका पहला मैच बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। ऐसे में कर्नाटक विधायकों ने मुफ्त आईपीएल टिकटों की मांग करके राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। वहीं कर्नाटक विधानसभा के जिन विधायकों ने आईपीएल टिकट खरीदने के लिए कतार में लगने से इनकार कर दिया था, उन्हें आखिरकार मुफ्त में टिकट मिलेंगे।सूत्रों के मुताबिक, जिन विधायकों ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ पर अपमान का आरोप लगाया था और अपने “वीआईपी” दर्जे के आधार पर टिकट मांगे थे, उन्हें एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक अलग स्टैंड भी दिया जाएगा।

विधायकों को मिलेंगे फ्री में टिकट!

बता दें कि, बेंगुलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच आईपीएल का पहला मैच खेला जाएगा। इसके अलावा, इन विधायकों को इस स्टेडियम में होने वाले आगे के सभी मैचों के लिए भी तीन-तीन टिकट दिए जाएंगे। 24 घंटे के भीतर ही पूरा मामला बदल गया। शुक्रवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष और भारत के पूर्व तेज गेंदबाज़ वेंकटेश प्रसाद ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से मुलाकात की और उन्हें अगले दिन होने वाले मैच के लिए आधिकारिक निमंत्रण दिया। कल तक विधायक काफी नाराज थे, लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि उन्होंने अपनी मांग मनवा ली है और उन्हें टिकट मिल गए हैं।


विधायकों में थी नाराजगी

इस पूरे मामले पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने क्रिकेट संघ से विधायकों को दो-दो टिकट देने का अनुरोध किया था, जिसमें एक टिकट के साथ एक मुफ्त टिकट शामिल है, क्योंकि समय बहुत कम था। उन्होंने बताया, “स्पीकर ने चार टिकट मांगे थे, लेकिन तब तक टिकट लगभग बिक चुके थे। अब समय भी कम है और सदस्यों की संख्या ज्यादा है।” उन्होंने आगे कहा कि पहले विधायकों, सांसदों और मंत्रियों को सिर्फ एक-एक टिकट मिलता था, लेकिन अब उन्होंने दो टिकट देने की मांग की है, ताकि वे अपने परिवार के सदस्यों को भी साथ ले जा सकें।

वहीं इस मामले पर गुरुवार को कांग्रेस विधायक विजयानंद कशप्पनवर ने पत्रकारों से कहा कि सभी दलों के विधायकों ने मिलकर मांग की है कि इस साल के आईपीएल मैचों के लिए उन्हें खास व्यवस्था के तहत टिकट दिए जाएं, क्योंकि वे टिकट खरीदने के लिए लाइन में खड़ा नहीं होना चाहते। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर वे डी.के. शिवकुमार के पास गए, जिन्होंने इसे आगे बढ़ाते हुए कर्नाटक विधानसभा के स्पीकर यू.टी. खादर के सामने रखा। इसके बाद स्पीकर ने कांग्रेस सरकार से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि आईपीएल मैचों के दौरान एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हर विधायक को चार-चार वीआईपी टिकट मिलें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।