JDU से नाता तोड़ RLD में शामिल हुए केसी त्यागी, पश्चिमी यूपी में बदलेगा सियासी समीकरण?

KC Tyagi Joins RLD: जनता दल यूनाइटेड (JDU) के पूर्व नेता केसी त्यागी रविवार (22 मार्च) को पार्टी के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की मौजूदगी में राष्ट्रीय लोक दल (RLD) में शामिल हो गए। त्यागी ने मंगलवार को बिना कोई कारण बताए JDU छोड़ने का ऐलान किया था। त्यागी अक्टूबर 2003 में समता पार्टी और जनता दल के विलय से JDU के अस्तित्व में आने के बाद से ही उससे जुड़े हुए थे

अपडेटेड Mar 22, 2026 पर 2:12 PM
Story continues below Advertisement
KC Tyagi Joins RLD: केसी त्यागी ने राष्ट्रीय लोक दल (RLD) में शामिल हो गए हैं

KC Tyagi Joins RLD: बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (JDU) के पूर्व वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने राष्ट्रीय लोक दल (RLD) का दामन थाम लिया है। बिहार सीएम नीतीश कुमार की पार्टी JDU छोड़ने के बाद केसी त्यागी रविवार (22 मार्च) सुबह RLD के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की उपस्थिति में उनकी पार्टी में शामिल हुए। त्यागी ने मंगलवार को कहा था कि उन्होंने JDU छोड़ दी है और अपने भविष्य के कदम को लेकर जल्द फैसला करेंगे।

लंबे समय से बिहार की नीतीश कुमार सरकार की नीतियों से असंतुष्ट चेहरा त्यागी ने कहा था कि वे चौधरी चरण सिंह, राम मनोहर लोहिया और कर्पूरी ठाकुर जैसे समाजवादी नेताओं के विचारों वाली पार्टी ही चुनेंगे। पश्चिमी यूपी में जाट समुदाय के प्रभावशाली नेता के रूप में उनकी वापसी RLD को मजबूती देगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि JDU में उनकी उपेक्षा और बिहार-केंद्रित नीतियां इस ब्रेकअप की मुख्य वजह रहीं । त्यागी समता पार्टी और जनता दल के विलय से अक्टूबर 2003 में अस्तित्व में आई पार्टी जदयू से जुड़े हुए थे। उन्होंने JDU में मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार सहित विभिन्न पदों पर कार्य किया था।


75 साल के पूर्व राज्यसभा सदस्य ने एक बयान में कहा, "पार्टी का सदस्यता अभियान समाप्त हो गया है। इस बार मैंने पार्टी की सदस्यता का नवीनीकरण नहीं कराया है।" उन्होंने हालांकि कहा कि समाज के वंचित वर्गों सहित दलितों, किसानों और कृषि श्रमिकों के हितों से संबंधित व्यापक वैचारिक मुद्दों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पहले की तरह ही दृढ़ है।

त्यागी ने कहा, "लगभग आधी सदी तक मेरे साथी रहे नीतीश कुमार के प्रति मेरा व्यक्तिगत सम्मान अब भी अपरिवर्तित है।" उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक लोगों से परामर्श करने के बाद जल्द ही भविष्य को लेकर फैसला किया जाएगा।

त्यागी ने कहा, "मेरे कुछ राजनीतिक मित्र, समर्थक और कार्यकर्ता 22 मार्च 2026 को मावलंकर हॉल, रफी मार्ग में देश की राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करने के लिए समान विचारधारा वाले व्यक्तियों की एक बैठक का आयोजन कर रहे हैं।"

ये भी पढ़ें- Assam Police: असम में चुनाव से पहले संदिग्ध उग्रवादियों ने पुलिस कमांडो कैंप पर किया हमला, 4 जवान घायल

अनुभवी समाजवादी नेता ने कहा, "हम भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी, डॉ. राम मनोहर लोहिया जी और भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर जी के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेते रहेंगे।" फिलहाल, अब यह देखना होगा कि क्या जयंत चौधरी अपनी पार्टी की तरफ से त्यागी को राज्यसभा भेजते हैं या RLD में कोई अहम पद देंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।