कुवैत से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट को हाईजैक की धमकी, अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग

बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा के लिहाज से विमान को सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारा गया। जानकारी के मुताबिक, करीब 180 यात्रियों और क्रू मेंबर्स को लेकर आ रहा यह विमान सुबह लगभग 6:40 बजे अहमदाबाद में सुरक्षित लैंड कर गया

अपडेटेड Jan 30, 2026 पर 4:21 PM
Story continues below Advertisement
कुवैत से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।

कुवैत से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को बम से उड़ाने और हाइजैककी धमकी मिली है। वहीं इस धमकी के बाद फ्लाइट को रास्ते में ही डायवर्ट कर दिया गया और अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह कुवैत से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट को रास्ते में ही डायवर्ट कर दिया गया। यह फैसला इसलिए लिया गया क्योंकि फ्लाइट के अंदर एक टिश्यू पेपर पर हाथ से लिखी बम और हाईजैक की धमकी मिली थी।

फ्लाइट की अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग 

वहीं बम की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा के लिहाज से विमान को सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारा गया। प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया के मुताबिक, करीब 180 यात्रियों और क्रू मेंबर्स को लेकर आ रहा यह विमान सुबह लगभग 6:40 बजे अहमदाबाद में सुरक्षित लैंड कर गया। अधिकारियों के अनुसार, फ्लाइट को तब डायवर्ट किया गया जब एक यात्री को विमान के अंदर एक नोट मिला, जिसमें बम होने का दावा किया गया था। यह जानकारी मिलते ही पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचित किया, जिसके बाद विमान को अहमदाबाद की ओर मोड़ दिया गया।


विमान में 180 यात्री थे सवार 

विमान के लैंड करते ही सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विमान की अच्छी तरह से जांच की। एक एयरपोर्ट अधिकारी ने बताया कि अब तक कोई भी संदिग्ध चीज़ नहीं मिली है। अधिकारी ने यह भी कहा कि पूरी सुरक्षा जांच पूरी होने और अंतिम मंजूरी मिलने के बाद ही फ्लाइट को आगे की यात्रा की अनुमति दी जाएगी। फिलहाल, धमकी किसने दी और यह कितनी सच है, इसकी जांच की जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।