संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह में रहने वाले पिकअप ड्राइवर वाइबीश पल्लियाली ने पिछले 15 सालों से हर महीने लॉटरी का टिकट खरीदकर 15 मिलियन दिरहम का बड़ा जैकपॉट जीत लिया है। पल्लियाली एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के लिए काम कर रहे थे, फिर उन्हें एक फोन आया जिसने उनकी जिंदगी बदल दी। उन्हें लगभग 10 करोड़ रुपये मिलेंगे। इस जीत को वह तीन अन्य लोगों के साथ शेयर करेंगे। यह पैसा वह भारत लौटकर बसने और अपनी जिंदगी सुधारने में इस्तेमाल करेंगे।
खलीज टाइम्स के अनुसार, पल्लियाली ने बताया, "मैंने 7 फरवरी को भारत जाते समय 1,000 दिरहम का एक टिकट खरीदा था।
भाई और दोस्तों के कहने पर खरीदा टिकट
उसने आगे बताया, "28 फरवरी को मेरे चचेरे भाई और उनके दो दोस्तों ने मुझे फोन करके अपने साथ एक टिकट ले जाने के लिए कहा। मैंने उन्हें समझाने की कोशिश की कि मैंने इस महीने का अपना बजट पहले ही खर्च कर दिया है, लेकिन वे मुझसे विनती करते रहे। मैंने उन्हें निराश न करने के लिए टिकट ले लिया। मैंने इसे रात 8 बजे ऑनलाइन खरीदा था। यही वह टिकट है जिसने मेरी किस्मत बदल दी।"
जब Big Ticket से बधाई का फोन आया, तो पल्लियाली ने सोचा कि यह कंपनी की तरफ से टिकट खरीदने के लिए भेजा गया एक सामान्य रिमाइंडर है। लेकिन जब उन्हें असली खबर पता चली, तो वह हैरानी में बोल ही नहीं पाए।
उन्होंने कहा, "चूंकि मैं नियमित ग्राहक हूं, इसलिए मुझे कंपनी से अक्सर फोन आते हैं। लेकिन वे आमतौर पर महीने के बीच में या अंत में टिकटों पर ऑफर की जानकारी देने के लिए फोन करते हैं। मुझे आश्चर्य हुआ कि उन्होंने मुझे महीने की शुरुआत में शाम को क्यों फोन किया।"
आश्चर्य इतना तीव्र था कि पल्लियाली ने Big Ticket के अधिकारियों से यह भी पूछा कि क्या वे उनके साथ कोई मजाक कर रहे हैं।
"बाद में, मैंने अपनी पत्नी को फोन किया और बताया कि मुझे फोन आया था। उसने तुरंत ऑनलाइन चेक किया और फिर मुझे बताया कि वेबसाइट पर विजेता के रूप में मेरा नाम था।"
'मेरी पत्नी शिकायत करती थी'
पल्लियाली ने बताया कि पिछले 15 सालों से हर महीने इतना महंगा टिकट खरीदना एक चुनौती थी, खासकर ड्राइवर की सैलरी पर। पत्नी की शिकायतों के बावजूद, पल्लियाली ने कहा कि उन्होंने अपना शौक जारी रखा, जिसका आखिरकार उन्हें फायदा मिला।
"कई बार मेरी पत्नी शिकायत करती थी कि वह इस पैसे का इस्तेमाल दूसरी चीजों के लिए कर सकते हैं। कुछ महीने तो मैं उसे बताता भी नहीं था कि मैंने टिकट खरीदा है।"
भारत में बसने के अलावा, पल्लियाली ने बताया कि वह पुरस्कार राशि का इस्तेमाल अपनी बेटी वंदना के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए करना चाहते हैं, जो फिलहाल बेंगलुरु में पढ़ रही है।