Madhya Pradesh: 72 घंटे बिना खाना-पानी, खाई में फंसा रहा ड्राइवर, GPS ट्रैकर ने बचाई जान

Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के पांढुर्ना जिले में एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया। जिसके बाद ट्रक का ड्राइवर करीब तीन दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच फंसा रहा और उसे कोई मदद नहीं मिल पा रही थी। आखिरकार, ट्रक में लगे GPS ट्रैकर के दोबारा काम करने से उसकी लोकेशन का पता चला और ड्राइवर को बचा लिया गया।

अपडेटेड Dec 19, 2025 पर 7:34 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Madhya Pradesh: 72 घंटे बिना खाना-पानी, खाई में फंसा रहा ड्राइवर, GPS ट्रैकर ने बचाई जान

Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के पांढुर्ना जिले में एक ट्रक गहरी खाई में गिर गया। जिसके बाद ट्रक का ड्राइवर करीब तीन दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच फंसा रहा और उसे कोई मदद नहीं मिल पा रही थी। आखिरकार, ट्रक में लगे GPS ट्रैकर के दोबारा काम करने से उसकी लोकेशन का पता चला और ड्राइवर को सुरक्षित बचा लिया गया।

बता दें कि मंगलवार को मक्का से लदा ट्रक चंद गांव से सौसर तहसील के बोरगांव औद्योगिक क्षेत्र के लिए रवाना हुआ था, जिसकी दूरी लगभग 130 किलोमीटर है। जब वाहन निर्धारित समय में अपने मंजील तक नहीं पहुंचा और चालक से संपर्क नहीं हो सका, तो मालिक रवि बघेल ने गुरुवार सुबह वाहन के GPS डेटा की जांच की।

GPS से मिली लोकेशन से पता चला कि ट्रक सिल्लेवानी घाटी के एक खतरनाक मोड़ पर रुका हुआ था। किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका होने पर बघेल अपने कर्मचारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। ट्रक लगभग 200 फुट गहरी खाई में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिला, चालक जान बचाने के लिए संघर्ष कर रहा था। चालक की पहचान सिवनी जिले के आसिफ खान के रूप में हुई, जो ट्रक के केबिन में फंसा हुआ था। उसका पैर वाहन के नीचे दब गया था, जिससे वह हिल-डुल नहीं पा रहा था।


लगभग 72 घंटों तक खाई में फंसे रहने के बावजूद, बचाव दल के पहुंचने पर खान होश में थे।

बिना भोजन और सहायता के जीवित रहा ड्राइवर

अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान वे बिना भोजन और सहायता के जीवित रहे। एक कठिन और चुनौतीपूर्ण बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसमें टीमों ने रस्सियों और उपकरणों का उपयोग करते हुए खाई के अंदर फंसे चालक तक पहुंचने का प्रयास किया।

कई घंटों की मशक्कत के बाद खान को बाहर निकाला गया और मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। खाई की गहराई और दुर्गम भूभाग के कारण ट्रक को निकालने के लिए बाद में एक से अधिक क्रेनें लगानी पड़ीं, जिसमें कई और घंटे लग गए।

घायल ड्राइवर को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

दुर्घटनास्थल पर पहुंची उमरानाला पुलिस ने बताया कि घायल चालक को इलाज के लिए छिंदवाड़ा जिला अस्पताल भेजा गया है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "ट्रक के मालिक द्वारा जीपीएस लोकेशन का पता लगाने के बाद ही बचाव कार्य संभव हो पाया। हम दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या तेज गति या अंधे मोड़ पर कम दृश्यता की इसमें कोई भूमिका थी।"

यह भी पढ़ें: Kalyan: मैगी के विज्ञापन की आड़ में चल रही थी शराब तस्करी, आबकारी विभाग ने पकड़ी 1 करोड़ की खेप

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।