'यह एक टूरिस्ट पार्टी है'; महाराष्ट्र निकाय चुनाव में करारी हार के बाद MVA में फूट! शिवसेना-UBT ने कांग्रेस पर साधा निशाना

Maharashtra Local Body Election Results 2025: महाराष्ट्र में नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव में विपक्षी महा विकास आघाडी (MVA) की करारी हार हुई है। इस महा पराजय के बाद MVA के घटक दल कांग्रेस और शिवसेना (UBT) में घमासान शुरू हो गया है

अपडेटेड Dec 22, 2025 पर 6:41 PM
Story continues below Advertisement
Maharashtra Local Body Election Results 2025: महाराष्ट्र निकाय चुनाव में हार के बाद शिवसेना-UBT ने कांग्रेस पर निशाना साधा है

Maharashtra Local Body Election Results 2025: महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनावों में करारी हार के एक दिन बाद पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (UBT) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उद्धव गुट के नेताओं ने अपने सहयोगी का मजाक उड़ाते हुए कांग्रेस को एक टूरिस्ट पार्टी करार दिया, जो सिर्फ़ चुनाव के मौसम में दिखाई देती है। शिवसेना (UBT) के नेता आनंद दुबे ने कहा कि कांग्रेस हर बार बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव लड़ती है, लेकिन पिछले 30 सालों से विपक्ष में ही है।

उन्होंने दावा किया कि चुनाव के समय को छोड़कर पार्टी ज़मीन पर बहुत कम दिखती है। दुबे ने कहा कि कांग्रेस का मतदाताओं से संपर्क टूट गया है। वह जमीनी स्तर पर मज़बूत पकड़ बनाने में नाकाम रही है। उनके अनुसार, पार्टी तभी दिखाई देती है जब चुनाव नज़दीक आते हैं। उसी समय अचानक शहरों में पोस्टर और बैनर लग जाते हैं। उन्होंने तर्क दिया कि इस रवैये की वजह से कांग्रेस को निकाय चुनावों में भारी नुकसान हुआ। साथ ही विपक्षी गठबंधन MVA कमजोर हुआ।

BMC के लिए कांग्रेस को मनाने की कोशिश


शिवसेना (UBT) के नेता अनिल परब ने रविवार को कहा कि उनकी पार्टी और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के बीच गठबंधन की घोषणा किसी भी क्षण की जा सकती है। इससे पहले उनकी पार्टी के नेता संजय राउत ने कहा था कि कि राज ठाकरे के नेतृत्व वाली मनसे के साथ गठबंधन पर दो से तीन दिन में आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। स्थानीय निकाय चुनाव के तहत मतगणना के बीच, पहले पत्रकारों से बातचीत में राउत ने कहा था कि महा विकास आघाडी (MVA) में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की सहयोगी कांग्रेस को MNS को लेकर कुछ आपत्तियां हैं।

मुंबई समेत 29 नगर निगमों के लिए चुनाव 15 जनवरी को होंगे। जबकि मतगणना उसके अगले दिन होगी। राउत ने कहा कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के चुनावों के लिए कांग्रेस को साथ लाने के प्रयास जारी हैं। राउत ने कहा था, "कांग्रेस ने राज ठाकरे के नेतृत्व वाली MNS को लेकर अपनी आपत्ति जताई है। हमने कांग्रेस को समझाने की कोशिश की कि BJP को हराने के लिए एकजुट होना जरूरी है। हालांकि, उसे मनाने के प्रयास जारी हैं।"

उन्होंने कहा था, "मुंबई में गठबंधन न होने के बावजूद हमारे बीच (कांग्रेस के साथ) कोई मतभेद नहीं है।" कांग्रेस महासचिव और महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने शनिवार को कहा था कि पार्टी कार्यकर्ता BMC चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ने पर जोर दे रहे हैं।

निकाय चुनाव में 'महायुति' का ऐतिहासिक जीत

महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी (BJP), डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना और अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के सत्तारूढ़ 'महायुति' गठबंधन ने रविवार (22 दिसंबर) को 288 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव में शानदार जीत हासिल करते हुए इन स्थानीय निकायों में अध्यक्ष के 207 पदों पर कब्जा जमा लिया। जबकि विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) 44 सीट ही हासिल कर सकी।

राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) के अनुसार, बीजेपी ने नगर निगम अध्यक्ष के 117 पद जीते। जबकि शिवसेना ने 53 और NCP ने 37 पद जीते। वहीं, MVA के घटक दल कांग्रेस को 28, NCP (SP) को 7 और शिवसेना (UBT) ने अध्यक्ष के 9 पदों पर जीत दर्ज की। राज्य निवार्चन आयोग के अनुसार, अन्य रजिस्टर्ड पार्टियों ने चार सीट हासिल की। जबकि गैर-रजिस्टर्ड पार्टियों ने नगर अध्यक्ष के 28 पदों पर जीत दर्ज की। पांच सीट निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गई।

ये भी पढ़ें- Air India News: एयर इंडिया फ्लाइट की इंजन में आई अचानक खराबी, हवा में अटक गई 335 यात्रियों की जान

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।