उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के धौलाना इलाके से पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े दो कथित लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन पर आरोप है कि वे सीमा पार स्थित अपने सहयोगियों को धार्मिक स्थलों और महत्वपूर्ण स्थानों की तस्वीरें, वीडियो और लोकेशन की जानकारी भेजते थे। इस घटान की जानकारी पुलिस ने गुरुवार को दी।
आरोपियों की पहचान धौलाना के पीपलेहड़ा निवासी अजीम राणा और मेरठ जिले के जय गांव निवासी आजाद राजपूत के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि धौलाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि राणा दिल्ली के एक मॉल में सूखे मेवों का स्टॉल चलाता था, जबकि आजाद राजपूत गुरुग्राम की एक पाइप फैक्ट्री में ठेकेदार के रूप में काम करता था।
पुलिस अधीक्षक (SP) कुंवर ज्ञानंजय सिंह के अनुसार, ये दोनों आरोपी दिसंबर 2025 से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े ISI समर्थित नेटवर्क के संपर्क में थे।
पूछताछ के दौरान, आरोपियों ने यह स्वीकार किया कि उन्होंने पश्चिम दिल्ली के एक मेट्रो स्टेशन क्षेत्र, पास के एक मंदिर और आसपास के आवासीय कॉलोनियों की तस्वीरें, वीडियो और लोकेशन डिटेल अपने हैंडलर्स को शेयर किए।
पुलिस ने बताया कि उन्होंने कथित तौर पर ग्रेटर नोएडा के बिसरख इलाके में स्थित एक मंदिर से संबंधित इसी तरह की सूचनाएं भी भेजी थीं।
हैंडलर के संपर्क में थे संदिग्ध
पुलिस ने आगे बताया कि संदिग्ध सोशल मीडिया और व्हाट्सएप सहित अन्य मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए अपने हैंडलर के नियमित संपर्क में थे और उन्होंने दिल्ली के एक प्रमुख मंदिर की रेकी भी की थी।
पुलिस ने कहा कि ये सूचनाएं पाकिस्तान स्थित हैंडलर के निर्देश पर साझा की जा रही थीं, जिससे धार्मिक स्थलों को निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश की आशंका पैदा होती है। अधिकारियों को संदेह है कि यह जानकारी अतीत की घटनाओं की तरह किसी बड़े आतंकी हमले की योजना बनाने के लिए इस्तेमाल की जा रही थी।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, पुछताछ जारी
केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से मिली सूचनाओं के बाद गिरफ्तारियां की गईं। इसके बाद, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और आतंकवाद विरोधी दस्ते (ATS) सहित कई एजेंसियों ने जांच में शामिल होकर आरोपियों से पूछताछ शुरू की।
अधिकारियों ने बताया कि नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने और आरोपियों के संपर्कों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। पुलिस धौलाना इलाके में दोनों के स्थानीय संपर्कों की भी जांच कर रही है।