Mumbai Rains: मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। इसी के तहत भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रेड अलर्ट जारी किया है। सड़कों पर भारी जलभराव है जिससे आवागमन में बाधा हो रही है। अंधेरी सबवे सहित शहर के कई हिस्सों में पानी भर जाने से ट्रैफिक पूरी तरह से रुक गया है। अंधेरी सबवे को 6 घंटे से ज्यादा समय तक बंद रखना पड़ा, जिससे लोगों को दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ा। बारिश ने उड़ानों को भी प्रभवित किया है। इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि एयरपोर्ट जाने वाले रास्तों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण उड़ानें देरी से चल रही हैं। किसी भी मुसीबत से बचने के लिए अधिकारियों ने लोगों से घर में ही रहने का आग्रह किया है।
खराब मौसम को देखते हुए, महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा की है। यह फैसला छात्रों और स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है।
सोमवार को मुंबई में 6-8 घंटों में 177 मिमी बारिश दर्ज की गई। विखरोली में 139.5 मिमी, सांताक्रूज में 129.1 मिमी, और जुहू में 128.5 मिमी बारिश हुई। शहर में आज सुबह 9:17 बजे 3.74 मीटर की ऊंची लहरें आने की संभावना है। इस हाई-टाइड और लगातार हो रही बारिश से स्थिति और भी खराब हो सकती है, क्योंकि इस दौरान समुद्र में पानी का स्तर बढ़ जाता है और जल निकासी मुश्किल हो जाती है।
इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी
भारी बारिश का असर उड़ानों पर भी पड़ा है। इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एक यात्रा एडवाइजरी जारी की है। इसमें बताया गया है कि मुंबई में भारी बारिश के कारण एयरपोर्ट जाने वाले कई रास्तों पर जलभराव और ट्रैफिक धीमा हो गया है, जिससे उड़ानों के प्रस्थान और आगमन दोनों में देरी हो रही है। एयरलाइन ने यात्रियों को सलाह दी है कि अगर उनकी फ्लाइट है, तो वे थोड़ा पहले निकलें और उड़ान का स्टेटस ऐप या वेबसाइट पर देखते रहें। एयरलाइन ने असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।
सरकार और प्रशासन है मुस्तैद
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया। उन्होंने लोगों से बिना वजह घर से बाहर न निकलने की अपील भी की है। बीएमसी ने किसी भी आपात स्थिति के लिए नागरिकों को हेल्पलाइन नंबर 1916 का उपयोग करने की सलाह दी है।