Air India News : दिल्ली से हांगकांग जा रही एयर इंडिया की एक फ्लाइट में बैठे यात्रियों को उस वक्त डर का सामना करना पड़ा, जब उड़ान के दौरान विमान के दरवाजे से अजीब तरह की आवाजें आने लगीं। 1 जून को उड़ान भरने के करीब एक घंटे बाद, यात्रियों ने शिकायत की कि दरवाजा हल्का-हल्का हिलने लगा और वहां से फुफकारने और गुर्राने जैसी आवाजें सुनाई दीं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक यात्री ने सोशल मीडिया पर फ्लाइट की एक तस्वीर भी साझा की। उस पोस्ट में लिखा गया कि जब यात्रियों ने केबिन क्रू को दरवाजे की आवाज के बारे में बताया, तो उन्होंने दरवाजे की पतली दरारों में नैपकिन ठूंस दिए, ताकि आवाज कम हो सके।
प्लेन के दरवाजे से आ रही थी आवाज
लिंक्डइन पर एक यूजर ने एयर इंडिया की फ्लाइट में हुई घटना साझा करते हुए लिखा, "कृपया दरवाजे की तस्वीर को जूम करके देखें। यह फोटो 1 जून 2025 को दिल्ली से हांगकांग जाने वाली एयर इंडिया फ्लाइट AI 314 में सवार एक यात्री ने साझा की है।" पोस्ट के मुताबिक, उड़ान भरने के लगभग एक घंटे बाद, विमान के दरवाज़े से हलचल और अजीब आवाज़ें आने लगीं। यात्री के अनुसार, ऐसा लग रहा था जैसे हवा के दबाव की वजह से दरवाजे की सील खुल गई हो। केबिन क्रू की एक एयर होस्टेस ने तुरंत कार्रवाई की, दरवाज़े को पीछे की ओर धकेला और उसे कसने के लिए पेपर नैपकिन का इस्तेमाल किया। हांलाकि, विमान सुरक्षित रूप से हांगकांग में उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
इस मामले पर एयर इंडिया ने कहा कि, 1 जून को उड़ान से पहले विमान की कई इंजीनियरिंग जांचें की गई थीं और उसे पूरी तरह उड़ान के लिए सुरक्षित पाया गया था। एयरलाइन ने साफ किया कि यात्रियों को जो ‘हिसिंग’ यानी फुफकारने जैसी आवाज सुनाई दी, वह दरवाज़े से नहीं बल्कि एक डेकोरेटिव पैनल से आ रही थी। बयान में कहा गया, “उड़ान के दौरान सजावटी दरवाजे के पैनल से आवाज आने लगी। स्थिति का आकलन करने के बाद यह स्पष्ट हुआ कि इससे किसी तरह का सुरक्षा जोखिम नहीं था। इसलिए क्रू ने आवाज को कम करने के लिए जरूरी कदम उठाए। फ्लाइट के हांगकांग एयरपोर्ट पर उतरने के बाद विमान की इंजीनियरिंग टीम ने उसकी जांच भी की।”
एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा, “विमान ने सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया था और उसे उड़ान के लिए पूरी तरह मंजूरी दी गई थी। हांगकांग से दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट AI315 में किसी भी तरह का कोई शोर नहीं सुनाई दिया। हम फिर से दोहराना चाहते हैं कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।” यह पहली बार नहीं है जब बोइंग 787 विमान में उड़ान के दौरान दरवाज़े से आवाज़ आने की शिकायत मिली है। इससे पहले भी ऐसी कम से कम तीन घटनाएं रिपोर्ट की जा चुकी हैं। पहली घटना 2019 में जापान एयरलाइंस द्वारा दर्ज की गई थी। बाकी दो घटनाएं 2022 में जर्मनी की टीयूआई एयरलाइंस और अमेरिकन एयरलाइंस में हुई थीं। इन तीनों मामलों में, विमानों को उड़ान के बीच में ही वापस मूल हवाई अड्डे पर लौटना पड़ा था।