राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेताओं ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। इस बैठक में पार्टी ने उन विभागों पर अपना दावा रखा, जो पहले पार्टी प्रमुख और उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के पास थे। बता दें कि, अजित पवार की बुधवार को एक विमान हादसे में मौत हो गई थी। एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और छगन भुजबल मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास वर्षा बंगला पहुंचे। इस मुलाकात का मकसद यह सुनिश्चित करना था कि पार्टी के पास पहले की तरह अहम कैबिनेट पद बने रहें और उन पर पार्टी का नियंत्रण कायम रहे।
विभागों पर NCP नेताओं की नजर
जानकारी के मुताबिक, NCP जल्द ही एक औपचारिक पत्र सौंपने वाली है। इस पत्र में पार्टी यह मांग करेगी कि अजित पवार के पास पहले जो विभाग थे, वे एनसीपी के पास ही रहें। इन विभागों में वित्त, राज्य उत्पाद शुल्क और खेल जैसे अहम विभाग शामिल हैं। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि पार्टी चाहती है कि खाली हुआ पद जल्द से जल्द भरा जाए। हालांकि उन्होंने यह भी साफ किया कि कोई भी फैसला लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखकर ही लिया जाएगा।
उन्होंने कहा, “हम महायुति गठबंधन का हिस्सा हैं, इसलिए अजीत पवार के पद को भरने के लिए सही और समझदारी भरा फैसला लेना जरूरी है। लेकिन इससे पहले हमें जनता की भावनाओं का सम्मान करना होगा। परिवार को इस दुख से उबरने के लिए थोड़ा समय दिया जाना चाहिए।” प्रफुल्ल पटेल ने आगे बताया कि पार्टी आने वाले दिनों में अजीत पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार और उनके परिवार से मुलाकात करेगी। इस दौरान पार्टी के भविष्य और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
हादसे के बाद पार्टी के अंदर खड़े हुए कई सवाल
बता दें कि, NCP नेता अजित पवार की अचानक मौत से पार्टी के अंदर कई बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। इसके बाद शरद पवार के नेतृत्व वाले दूसरे गुट के साथ फिर से एकजुट होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। अजीत पवार के निधन से पार्टी में नेतृत्व को लेकर असमंजस की स्थिति भी बन गई है, क्योंकि उनके जाने से एक बड़ा खालीपन पैदा हो गया है। इन हालात को देखते हुए एनसीपी ने रविवार को विधायक दल की बैठक बुलाई है। इस बैठक में अजीत पवार की पत्नी और राज्यसभा सांसद सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुने जाने की संभावना है। वह भाजपा और शिवसेना के साथ बनी सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन का हिस्सा होंगी।
इसके अलावा, शनिवार को होने वाली बैठक में पार्टी के नए अध्यक्ष के चुनाव पर भी फैसला लिए जाने की उम्मीद है। गुटों के संभावित एक साथ आने को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं, जिसमें शरद पवार खेमे के नेताओं ने दावा किया है कि NCP विलय पर बातचीत पहले से ज्यादा तेजी से चलव रही है। पूर्व मंत्री और NCP (SP) के वरिष्ठ नेता अनिल देशमुख ने कहा कि दोनों गुटों का विलय अजीत पवार की आखिरी इच्छा थी और इसका सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में "पूरा पवार परिवार" एक साथ मिलकर सभी पेंडिंग मुद्दों पर चर्चा करेगा और फैसला लेगा।