तमिलनाडु की राजनीति में आज से एक नए चैप्टर की शुरुआत हुई है। थलपति विजय तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बने। चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में उन्होंने राज्य के 9वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वहीं अभिनेता से नेता बने विजय ने अपने नए मंत्रिमंडल की पहली लिस्ट भी जारी कर दी है। नई कैबिनेट में 29 साल के एक विधायक को भी जगह मिली है, जो सबसे युवा मंत्री बने हैं। इसके अलावा मंत्रिमंडल में एक डॉक्टर, एक डेंटिस्ट, एक पूर्व आईआरएस अधिकारी और छह अन्य नेताओं को भी शामिल किया गया है। पहली सूची में शामिल सभी मंत्री ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ (टीवीके) पार्टी से हैं। खास बात यह है कि इस सूची में कांग्रेस का कोई भी नेता शामिल नहीं किया गया है।
