Nitish Kumar Rajya Sabha: 'बिहार CM का नेशनल पॉलिटिक्स में स्वागत है'; अमित शाह ने जमकर की नीतीश कुमार की तारीफ

Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार (5 मार्च) को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बिहार को "जंगल राज" के दौर से बाहर निकालने का क्रेडिट दिया। साथ ही कहा कि राज्य में पिछले दो दशकों में शासन, कानून-व्यवस्था और विकास में काफी सुधार हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि बिहार के CM अब नेशनल पॉलिटिक्स में आ रहे हैं

अपडेटेड Mar 05, 2026 पर 4:13 PM
Story continues below Advertisement
Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination: अमित शाह ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार के कार्यकाल की जमकर तारीफ की है

Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रमुख नीतीश कुमार के बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर कार्यकाल को राज्य के इतिहास में एक सुनहरा अध्याय बताया बै। शाह ने राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद राष्ट्रीय राजनीति में उनकी वापसी का स्वागत किया है। गृह मंत्री ने गुरुवार (5 मार्च) को नीतीश कुमार को बिहार को "जंगल राज" के दौर से बाहर निकालने का क्रेडिट दिया। साथ ही कहा कि राज्य में पिछले दो दशकों में शासन, कानून-व्यवस्था और विकास में काफ़ी सुधार हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि बिहार के CM अब नेशनल पॉलिटिक्स में आ रहे हैं।

अमित शाह ने कहा, "आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी राज्यसभा में अपना नामांकन दाखिल किया है। इसके साथ ही बहुत ही लंबे अरसे के बाद नीतीश कुमार फिर से एक बार राष्ट्रीय राजनीति में राज्यसभा सांसद के नाते प्रवेश करेंगे। 2005 से लेकर आज तक नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री रहे। उनका ये कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ के रूप में लिखा जाएगा। बिहार के विकास के सारे मायने को उन्होंने गति देने का काम किया।"

गृह मंत्री ने आगे कहा, "उन्होंने अपने शासन काल में बिहार को जंगलराज से मुक्त करने का काम किया। उन्होंने न केवल बिहार की सड़कों को गांव तक जोड़ा, उसकी स्थिति में भी सुधार किया। इतने लंबे कार्यकाल में विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री रहते हुए उनके कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा। भ्रष्टाचार का आरोप लगे बिना इतना लंबा राजनीतिक सफर शायद ही किसी ने तय किया हो जो नीतीश कुमार ने तय किया है। बिहार के हर गांव, हर घर में बिजली पहुंचाने में भी उनका बहुत बड़ा योगदान रहा।"


शाह ने कहा, "हमेशा नीतीश कुमार सादगी, सूचिता और सार्वजनिक जीवन के उच्चतम मूल्यों के पक्षधर रहे जिनका पालन उन्होंने भी किया। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 साल तक बिहार को हर प्रकार से आगे ले जाने में अपना योगदान किया। उनके नेतृत्व में ही पीएम मोदी द्वारा भेजी गई सभी योजनाएं बिहार के जन-जन तक पहुंची।"

उन्होंने कहा, "1974 के जयप्रकाश आंदोलन के वे प्रमुख नेता रहे हैं और तब से लेकर आज तक पूरा जीवन जे.पी. के सिद्धांतों पर बिताने का प्रयास किया। फिर से एक बार राज्यसभा सांसद होने के नाते वे दिल्ली आ रहे हैं। मैं और NDA के सभी साथी उनका हृदय से स्वागत करते हैं। उनका जो कार्यकाल मुख्यमंत्री होने के नाते हैं, उसे बिहार के लोग याद भी करेंगे और उसका सम्मान भी करेंगे। मैं फिर से नितिन नवीन और नीतीश कुमार का राज्यसभा में आने पर स्वागत करता हूं।"

नीतीश कुमार ने दाखिल किया नामांकन

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को पटना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। वर्ष 2005 से रिकॉर्ड 10 बार मुख्यमंत्री रहे कुमार और नवीन ने बिहार विधानसभा की सचिव ख्याति सिंह के कक्ष में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर अमित शाह के अलावा दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा तथा राज्य सरकार के कई अन्य मंत्री भी मौजूद थे।

जनता दल यूनाइटेड (JDU) के प्रमुख नीतीश कुमार की राज्यसभा सदस्य बनने की इच्छा ने राज्य में नई सरकार के गठन का रास्ता साफ कर दिया है। अब भारतीय जनता पार्टी उस एकमात्र हिंदी भाषी राज्य में अपना खुद का मुख्यमंत्री बनाने की स्थिति में दिख रही है, जहां अब तक यह पद उसके पास नहीं रहा। इस बात के संकेत तभी मिल गए थे जब चार महीने से भी कम समय पहले हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। उसने 2020 के बाद दूसरी बार JDU से बेहतर प्रदर्शन किया था।

ये भी पढे़ं- 'BJP ने नीतीश कुमार को हाईजैक कर लिया है'; बिहार सीएम के राज्यसभा जाने पर भड़के विपक्षी नेता

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।