Nitish Kumar Rajya Sabha: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के ऐलान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि हमें इस बारे में पहले ही पता था। उन्होंने कहा कि 28 जनवरी 2024 को जब हमने ये बात कही थी कि JDU खत्म हो जाएगी। लेकिन बीजेपी जो 400 सीटों की बात करती थी, उसके अनुसार उनका नतीजा नहीं आया इसलिए इसमें 1 साल की देरी हो गई। नहीं तो वे पहले ही JDU खत्म कर देते।
तेजस्वी ने कहा कि महाराष्ट्र में जो हुआ एकनाथ शिंदे को आगे करके बीजेपी ने अपना मुख्यमंत्री बनाया। उसी नीति को उन्होंने यहां भी रिफाइंड तरीके से लागू किया है। तेजस्वी ने ANI से कहा, "सब जानते हैं कि बिहार के चुनाव में NDA ने ये नारा दिया था कि '2025 से 30 फिर से नीतीश'। भाजपा और NDA के घटक दल जानते हैं कि किस प्रकार से तंत्र-मंत्र और पूरा सिस्टम लगाकर चुनाव हुआ। उस समय में भी हमने कहा था कि BJP के लोगों ने नीतीश कुमार को 'हाईजैक' कर लिया है और उन्हें दोबारा कुर्सी पर बैठने नहीं देंगे। हमने कहा था कि वे 6 महीने से ज्यादा कुर्सी पर नहीं रहेंगे... BJP जिसके साथ भी रही है उसे बर्बाद करने का काम किया है।"
उन्होंने आगे कहा, "बीजेपी OBC, दलित और आदिवासी विरोधी पार्टी है। वे (BJP) नहीं चाहते हैं कि बिहार में ऐसा नेता रहे जो OBC या दलित की बात करता हो, वे तो कोई 'रबड़ स्टांप मुख्यमंत्री' चाहते हैं। ये जो सत्ता परिवर्तन हो रहा है, ये जन भावनाओं के खिलाफ है। लोग BJP के चाल-चरित्र को जानते हैं। हमने नीतीश कुमार के साथ भी काम किया है लेकिन ज्यादातर हम विपक्ष में गए थे। 28 जनवरी 2024 में जब वे(JDU) हमारा साथ छोड़कर गए थे, तब भी हमने कहा था कि भाजपा जो है वो उन्हें समाप्त करेगी। हमारी पूरी सहानुभूति है उनके प्रति, उन्होंने बिहार की जो सेवा की, उसके लिए हम उन्हें धन्यवाद भी देना चाहते हैं।"
वहीं, नीतीश कुमार के ट्वीट पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, "ये तो समझ नहीं आ रहा कि आपने चुनाव लड़ा, अपने चेहरे पर लड़ा, वोट बटोर लिए, जनता ने आपको चुनकर भेजा... नीतीश कुमार ने पहले भी कई बार अपना मन बदला है। कभी इस पाले में या कभी उस पाले में। अब सुनने में आ रहा है कि वे दिल्ली आ रहे हैं... जो कुछ भी हो रहा है ये जनता को धोखे में रख कर किया गया है। अगर आप 6 महीने पहले बोल देते कि आपको राज्यसभा में जाना है तो हो सकता है कि बिहार चुनाव के परिणाम कुछ और आते।"
कांग्रेस ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राज्यसभा जाने की तैयारी की घोषणा के बाद गुरुवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा तख्ता पलट किया गया है। कांग्रेस ने कहा कि यह जनता के साथ विश्वासघात है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने x पर पोस्ट किया, "बिहार चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जो बात बार-बार कह रही थी, वह अब सच साबित हो गई है। साजिश के तहत बिहार में तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा कर लिया गया है।"
उन्होंने आरोप लगाया कि कई मायनों में यह जनता के जनादेश के साथ बड़ा विश्वासघात है। नीतीश कुमार ने 5 मार्च को एक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह ऐलान किया कि वह राज्यसभा सदस्य बनने जा रहे हैं। नीतीश ने यह भी कहा कि बिहार में बनने वाली नई सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा।