Nitish Kumar: बिहार की सियासत में आज होगा बड़ा उलटफेर! नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा, बेटे निशांत बनेंगे उपमुख्यमंत्री, कौन होगा नया CM?

Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination: सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों से बिहार में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि JDU प्रमुख कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने की स्थिति में उनका उत्तराधिकारी कौन होगा। ये भी अटकलें लगाई गई हैं कि नीतीश अपने बेटे निशांत के लिए उपमुख्यमंत्री पद के बदले सहयोगी बीजेपी को सत्ता सौंप सकते हैं

अपडेटेड Mar 05, 2026 पर 8:04 AM
Story continues below Advertisement
Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination: नीतीश कुमार आज यानी गुरुवार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करेंगे

Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination: बिहार की राजनीति में फिर से एक नया मोड़ सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार (5 मार्च) को पटना में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। इससे यह संकेत मिलता है कि राज्य में नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। सूत्रों ने कहा कि जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अध्यक्ष नीतीश कुमार भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। अटकलें लगाई गई हैं कि नीतीश कुमार अपने बेटे निशांत के लिए उपमुख्यमंत्री पद के बदले बीजेपी को बिहार की सत्ता सौंप सकते हैं। हालांकि, नीतीश कुमार ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि पार्टी प्रमुख कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने की स्थिति में उनका उत्तराधिकारी कौन होगा।

राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की समयसीमा बृहस्पतिवार को समाप्त हो जाएगी। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के एक सूत्र ने पीटीआई से कहा, "JDU अध्यक्ष नीतीश कुमार और BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा चुनाव के लिए गुरुवार को अपना-अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे।"


जब यह पूछा गया कि क्या कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा देंगे, तो सूत्र ने कहा कि यह समय आने पर पता चलेगा। नीतीश ने लगभग चार महीने पहले 20 नवंबर को पटना में आयोजित भव्य समारोह में रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वह बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की थी। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में NDA को शानदार जीत मिली थी।

BJP ने पार्टी प्रमुख नितिन नवीन और बिहार इकाई के महासचिव शिवेश कुमार को राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है। NDA में शामिल दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को भी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। हालांकि JDU ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

निशांत बनेंगे डिप्टी CM?

ऐसी चर्चा है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मुख्यमंत्री पद मिल सकता है और नीतीश कुमार के बेटे निशांत को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने हाल ही में पीटीआई से कहा था, "होली की पूर्व संध्या पर मेरे पास बिहार की जनता के साथ साझा करने के लिए एक खुशखबरी है। काफी समय से JDU के अंदर और राज्य के युवाओं के बीच यह मांग उठ रही है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत राजनीति में कदम रखें।" उन्होंने कहा, "इसके लिए रास्ता साफ हो गया है और एक या दो दिन में औपचारिक घोषणा की जाएगी।"

जब यह पूछा गया कि क्या JDU प्रमुख के 40 वर्षीय बेटे निशांत राज्यसभा चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं, तो श्रवण कुमार ने कहा था, "कुछ भी संभव है। पार्टी के शीर्ष नेता बैठक करके इस बारे में बातचीत करेंगे, जिसके बाद एक या दो दिन में सब पता चल जाएगा।" श्रवण कुमार 1990 में समता पार्टी के समय से JDU प्रमुख के करीबी रहे हैं।

इस बीच, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता और बिहार सरकार में संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बुधवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा जाने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। पत्रकारों ने जब JDU नेता से पूछा कि क्या पिछले सप्ताह 75 वर्ष के हुए नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं, तो चौधरी ने कहा, "इस पर बातचीत जारी है। मुख्यमंत्री ही अंतिम निर्णय लेंगे।"

चौधरी ने यह भी दोहराया कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत जल्द ही सक्रिय राजनीति में आने वाले हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने की स्थिति में उनका उत्तराधिकारी कौन होगा।

ये भी पढ़ें- US-Iran War: 'हम अब बहुत अच्छी हालत में हैं'; ट्रंप ने ईरान युद्ध पर खुद को दिए 10 में से 15 नंबर, अब तक 6 अमेरिकी की मौत

इस महीने की शुरुआत में अपना 75वां जन्मदिन मनाने वाले नीतीश कुमार को JDU की ओर से राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चाएं उस समय सामने आई जब एक दिन पहले ही पार्टी ने घोषणा की थी कि उनके बेटे निशांत राजनीति में एंट्री करेंगे। इससे पहले यह भी अटकलें लगाई जा रही थीं कि निशांत को सीधे राज्यसभा भेजा जा सकता है, जो करीब 40 वर्ष के हैं। वह अभी तक औपचारिक रूप से JDU में शामिल नहीं हुए हैं।

BJP के सूत्रों ने कुमार के पद छोड़ने की स्थिति में मुख्यमंत्री पद को लेकर चुप्पी साध रखी है। हालांकि, सूत्रों ने कहा कि इस तरह का फैसला केवल दिल्ली स्थित उनके शीर्ष नेतृत्व द्वारा ही लिया जा सकता है। हालांकि, मीडिया के एक वर्ग में आई खबरों में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय को मजबूत दावेदार बताया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।