Noida Fire: नोएडा की फैक्ट्री में लगी भीषण आग! कई मजदूर फंसे, दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर मौजूद

Noida factory fire: उत्तर प्रदेश के नोएडा में सेक्टर 4 के पास गुरुवार (12 मार्च) सुबह एक फैक्ट्री में भयंकर आग लग गई, जिसमें कई कर्मचारी अंदर फंस गए। हालांकि, फायरफाइटर्स ने उन्हें बचा लिया। आग के आग कंपनी के अंदर अफरा-तफरी मच गई। इससे मजदूरों को भागने में मुश्किल हुई। फिलहाल सभी सुरक्षित हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है

अपडेटेड Mar 12, 2026 पर 11:07 AM
Story continues below Advertisement
Noida Fire: नोएडा में सेक्टर 4 की एक कंपनी में आग लग गई। फिलहाल बचाव का काम जारी है

Noida Fire: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-4 स्थित एक फैक्ट्री में गुरुवार (12 मार्च) तड़के भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। इससे स्थानीय लोग दहशत में आ गए। वहीं, आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखा। सूचना पर पहुंची दमकल गाड़ियां आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। जानकारी के मुताबिक, आगजनी के दौरान फैक्ट्री के अंदर कई लोग फंस गए थे, जिन्हें दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। अभी तक इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।

गुरुवार सुबह-सुबह आग लगने की घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। फैक्ट्री में फंसे मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सभी लोगों को बाहर निकालने के बाद आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस और फायर विभाग के अनुसार, थाना फेज-1 क्षेत्र में आने वाले सेक्टर-4 में स्थित बिजली के मीटर बनाने वाली फैक्ट्री में सुबह लगभग 4 बजे अचानक आग लगने की सूचना मिली थी।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि फैक्ट्री में काम कर रहे कई मजदूर फंस गए। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और फैक्ट्री में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।


मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री में रात की शिफ्ट में लगभग 50 लोग काम कर रहे थे, जो आग लगने के कारण अंदर फंस गए थे। सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और खिड़कियों के शीशे तोड़कर और हाइड्रोलिक की मदद से कर्मचारियों को बाहर निकाला।

कैसे लगी आग?

गौतमबुद्ध नगर की फायर और इमरजेंसी सर्विस के अधिकारी ने न्यूज एजेंसी IANS को बताया, "हमें सेक्टर-4 ब्लॉक बी में सुबह 5 बजकर 45 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। आग काफी बड़े स्तर पर बताई जा रही थी, जिसके बाद हमने त्वरित कार्रवाई करते हुए काफी संख्या में गाड़ियां भेजी हैं। कुछ लोगों की फंसने की आशंका भी जताई गई थी। हमारी टीम के पहुंचने पर पता चला कि यहां बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, पहले फ्लोर और दूसरे फ्लोर पर पहले से आग लगी हुई थी। हमारे कर्मचारियों ने आग बुझाने का कार्य तुरंत शुरू कर दिया है।"

रेस्क्यू किए गए लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। करीब 25 लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें कुछ लोगों को गंभीर चोटें आई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आग का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। फायर विभाग की टीम अभी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। जांच के बाद ही आग लगने के सही कारण का पता लग पाएगा।

ग्रेटर नोएडा में भी लगी आग

ग्रेटर नोएडा में भी पेंट बनाने वाली फैक्ट्री में बुधवार शाम को भयंकर आग लग गई। मुख्य फायर अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि साइट- चार में पेंट और रसायन बनाने वाली एक फैक्ट्री में बुधवार शाम भयंकर आग लग गई।

ये भी पढ़ें- Uttam Nagar Fire: दिल्ली के उत्तम नगर मछली मार्केट में लगी भीषण आग! 400 झुग्गियां जलकर खाक, देखें वीडियो

उन्होंने बताया कि तत्काल दमकल की छह गाड़ियां भेजी गई। आसपास के क्षेत्र से भी फायर की गाड़ियां मंगाए गए। उन्होंने बताया कि काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। चौबे ने बताया कि फैक्ट्री बंद थी इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने कहा कि आग का कारण और आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।