128% की उछाल, जो प्रॉपर्टी 5700 रुपये प्रति स्क्वॉयर फीट थी वो पहुंची 13000 के पार... नोएडा-ग्रेटर नोएडा के इस इलाके में जबर्दस्त बूम!
Noida Property Price: आज हालात ऐसे हैं कि हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स (HNI), NRI और बड़े कॉर्पोरेट अधिकारी नोएडा में करोड़ों रुपये निवेश कर रहे हैं। जो सेक्टर 5 साल पहले तक ज्यादा चर्चा में नहीं थे, वे अब NCR के सबसे प्रतिष्ठित लग्जरी इलाकों में गिने जाने लगे हैं
Noida Property Price: 128% की उछाल, जो प्रॉपर्टी 5700 रुपये प्रति स्क्वॉयर फीट थी वो पहुंची 13000 के पार
एक समय था जब NCR में घर खरीदने की बात होती थी तो लोगों की पहली पसंद गुरुग्राम हुआ करता था। वहीं, नोएडा को सिर्फ एक किफायती और सुविधाजनक विकल्प माना जाता था। लेकिन अब तस्वीर तेजी से बदल रही है। खासकर नोएडा एक्सप्रेसवे के आसपास का इलाका लग्जरी रियल एस्टेट का नया हॉटस्पॉट बनकर उभर रहा है।
आज हालात ऐसे हैं कि हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स (HNI), NRI और बड़े कॉर्पोरेट अधिकारी नोएडा में करोड़ों रुपये निवेश कर रहे हैं। जो सेक्टर 5 साल पहले तक ज्यादा चर्चा में नहीं थे, वे अब NCR के सबसे प्रतिष्ठित लग्जरी इलाकों में गिने जाने लगे हैं।
इंफ्रास्ट्रक्चर ने बदली नोएडा की किस्मत
विशेषज्ञों का मानना है कि नोएडा की इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह बेहतर होती कनेक्टिविटी और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट हैं।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे दिल्ली, यमुना एक्सप्रेसवे और जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जोड़ता है। जेवर एयरपोर्ट शुरू होने के बाद यह इलाका देश के सबसे बड़े एविएशन हब में शामिल हो सकता है।
इसके अलावा, एक्वा मेट्रो लाइन के विस्तार से भी लोगों की आवाजाही आसान हुई है, जिसका सीधा फायदा रियल एस्टेट सेक्टर को मिल रहा है।
घरों की बिक्री में जबरदस्त उछाल
रियल एस्टेट कंसल्टेंसी ANAROCK की रिपोर्ट के मुताबिक, 2026 की पहली तिमाही (Q1) में करीब 15,200 आवासीय यूनिट्स की बिक्री हुई, जो पिछले साल की तुलना में 21 फीसदी ज्यादा है।
सिर्फ बिक्री ही नहीं, नए प्रोजेक्ट लॉन्च होने की रफ्तार भी बढ़ी है। नए लॉन्च में साल-दर-साल 44 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
सेक्टर-150 बना लग्जरी लाइफस्टाइल का नया पता
नोएडा एक्सप्रेसवे पर स्थित सेक्टर-150 इस बदलाव की सबसे बड़ी मिसाल बनकर सामने आया है।
इस सेक्टर की खासियत इसका बड़ा ग्रीन एरिया और खुली जगहें हैं। यही वजह है कि CEO, सीनियर प्रोफेशनल्स, NRI और लंबे समय के निवेशक यहां तेजी से घर खरीद रहे हैं।
रियल एस्टेट विशेषज्ञों का कहना है कि अब लोग सेक्टर-150 को किसी दूसरे इलाके का विकल्प नहीं, बल्कि अपनी पहली पसंद के तौर पर देख रहे हैं।
3 साल में 128% बढ़ीं प्रॉपर्टी की कीमतें
ANAROCK के आंकड़ों के अनुसार, सेक्टर-150 में प्रॉपर्टी की औसत कीमतें पिछले तीन सालों में 128 फीसदी तक बढ़ चुकी हैं।
2021 के आखिर में जहां यहां कीमत करीब 5,700 रुपये प्रति वर्ग फुट थी, वहीं 2024 के अंत तक यह बढ़कर लगभग 13,000 रुपये प्रति वर्ग फुट पहुंच गई।
इसी दौरान किराए में भी करीब 66 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
लग्जरी प्रोजेक्ट्स पर खरीदारों की नजर
सेक्टर-150 में कई बड़े डेवलपर्स अपने प्रोजेक्ट्स लेकर आए हैं। इनमें प्रीमियम सुविधाओं, बड़े ग्रीन स्पेस, कम घनत्व वाली प्लानिंग और बेहतर कनेक्टिविटी पर खास जोर दिया जा रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने और इलाके के लगातार विकसित होने से आने वाले वर्षों में इस क्षेत्र में प्रॉपर्टी की कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
आने वाले सालों में और बढ़ेगी मांग
रियल एस्टेट बाजार के जानकारों का कहना है कि नोएडा एक्सप्रेसवे अभी अपने विकास के शुरुआती दौर में है। जैसे-जैसे एयरपोर्ट, मेट्रो और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाएं पूरी होंगी, वैसे-वैसे इस क्षेत्र की मांग और बढ़ सकती है।
अब खरीदार सिर्फ सस्ते घर नहीं, बल्कि बेहतर लाइफस्टाइल, कनेक्टिविटी और भविष्य में अच्छे रिटर्न को ध्यान में रखकर निवेश कर रहे हैं। यही वजह है कि नोएडा एक्सप्रेसवे तेजी से NCR के नए लग्जरी रियल एस्टेट हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।