नूंह हिंसा मामले का आरोपी बिट्टू बजरंगी का दूसरी शादी करने का सपना अधूरा ही रह गया। बिट्टू दूसरी शादी करने वाला था और इसके लिए उसने दुल्हन भी ढूंढ ली थी, लेकिन जब वह बारात लेकर अलीगढ़ पहुंचा तो न दुल्हन मिली और न ही उसके घरवाले। पुलिस के अनुसार, शादी कराने के नाम पर बिट्टू से 30 हजार रुपये की ठग की गई। इस मामले में बिट्टू की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
PTI के मुताबिक, 2023 के नूंह सांप्रदायिक दंगों के आरोपी बिट्टू बजरंगी के साथ कथित तौर पर 30,000 रुपये की ठगी हुई है। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने उससे शादी कराने का वादा किया और इसी बहाने उससे पैसे ले लिए। बिट्टू बजरंगी की शिकायत पर आरोपी बंटी और उसके साथियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। शिकायत में बताया गया है कि बंटी उसके पड़ोसी का रिश्तेदार है। बजरंगी ने उससे कहा था कि वह शादी करना चाहता है और अगर उसे कोई लड़की मिले तो उसे जानकारी दे। इसी बात का फायदा उठाकर आरोपी ने कथित तौर पर उससे पैसे ले लिए। मामले की जांच जारी है।
7 फरवरी को होने वाली थी शादी
शिकायत के अनुसार, बंटी ने बिट्टू बजरंगी को रानी नाम की एक महिला से मिलवाया। इसके बाद वह उसे तीन बार अलीगढ़ ले गया, ताकि वह संभावित दुल्हनों से मिल सके। लेकिन बजरंगी को कोई लड़की पसंद नहीं आई। बाद में बंटी ने एक और लड़की की तस्वीर भेजी, जिसे बजरंगी ने पसंद कर लिया। 5 सितंबर 2025 को बंटी और रानी उस लड़की और उसके परिवार को बजरंगी के घर लेकर आए। वहीं 7 फरवरी को शादी की तारीख तय कर दी गई।
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत
शिकायत में कहा गया है कि 6 फरवरी को बजरंगी ने कथित तौर पर दुल्हन के शादी के कपड़ों के लिए आरोपियों को 30,000 रुपये ट्रांसफर किए। लेकिन जब वह अपनी बारात लेकर अलीगढ़ पहुंचा, तो उसे पता चला कि आरोपी वहां से गायब हैं और उनके मोबाइल फोन भी बंद हैं। समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, बजरंगी ने अपनी शिकायत में कहा कि जब उसने दुल्हन को फोन किया, तो उसने साफ कहा कि उसे इस शादी के बारे में कुछ भी पता नहीं है। इसके बाद बजरंगी को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, बिट्टू बजरंगी शादी के पूरे इंतजाम के लिए आरोपियों को 1.20 लाख रुपये देने पर राजी हो गया था। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने बंटी, रानी और अन्य लोगों के खिलाफ सारन थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बजरंगी के एक पड़ोसी ने बताया कि उसके घर में नई दुल्हन के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। घर सजाया जा रहा था और खुशी का माहौल था, लेकिन आखिर में सब कुछ अचानक खत्म हो गया और माहौल मायूसी में बदल गया।