Odisha Crime News: ओडिशा के जाजपुर जिले से एक अजीब घटना सामने आई है। यहां पर पिछले बुधवार को एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या इसलिए कर दी क्योंकि उसका पति उसे तलाक नहीं देना चाहता था। इस घटना की जानकारी पुलिस अधीक्षक (SP) यशप्रताप श्रीमाल ने दी। उन्होंने बताया कि जाजपुर से सोमवार को मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया। जिसके बाद उन्हे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से इन सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया
बता दें कि जाजपुर टाउन पुलिस स्टेशन के अंतर्गत कुआंसरपुर निवासी सौम्य रंजन सामल (23) की कथित तौर पर उनकी पत्नी के प्रेमी तपन खिल्लर (26) ने मोटरसाइकिल पर सवार होकर पूर्व बीजेडी विधायक प्रणब प्रकाश दास के आवास के पास कालीमेघा चौक पर गोली मारकर हत्या कर दी थी।
सौम्य को पहले जाजपुर स्थित जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें कटक के SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
SP ने बताया कि उन्होंने पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की, जिसमें दिखाया गया कि आरोपियों ने रात करीब 10:30 बजे सौम्या रंजन का पीछा करने के बाद उसे गोली मार दी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी सुभाश्री बेहरा (23), जो जाजपुर रोड पर ब्यूटी पार्लर चलाती थी, उसका तपन नाम के व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था। तपन, उसकी दोस्त प्रीतिप्रवा प्रियदर्शनी खिल्लर (23) का भाई है। तपन ने पिछले महीने सुभाश्री को शादी का प्रस्ताव दिया था और उससे अपने पति से तलाक लेने को कहा था, जिस पर उसने सहमति भी दे दी थी।
हथियार सप्लायर से खरीदी बंदूक
लेकिन उसका पति इसके लिए तैयार नहीं था। इसके बाद तपन, प्रीतिप्रवा और सुभाश्री ने मिलकर सौम्य को मारने की साजिश रची। तपन, जो राउरकेला में ड्राइवर का काम करता था, का संपर्क स्थानीय हथियार सप्लायर अंकित ठाकुर और सूरज सिंह से था। इन्हीं दोनों से उसने सौम्य की हत्या के लिए एक बंदूक खरीदी।
प्रीतिप्रवा ने 27 मार्च को अपने फोन वॉलेट के जरिए अंकित और सूरज को 49,000 रुपये दिए। SP ने मीडिया को बताया, "सौम्या को गोली मारने के बाद, तपन ने जाजपुर मेडिकल कॉलेज के पीछे एक झाड़ी में रिवॉल्वर छिपा दी।"
पुलिस ने हथियार किए बरामद
पुलिस आधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने बाद में एक देसी बंदूक, एक जिंदा गोली, एक बाइक, एक हेलमेट और सात मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों—तपन, प्रीतिप्रभा (मिर्जापुर गांव, जाजपुर सदर थाना क्षेत्र), सुभाश्री, हथियार सप्लायर सूरज (27) और अंकित (27)- के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 (हत्या) और 238 (सबूत मिटाने) के तहत व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।