भारत के ऑपरेशन सिंदूर को लेकर एक बहुत बड़ी खबर सामने आई है। CNN-News18 ने बताया कि पाकिस्ता और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादियों पर ये अब तक की सबसे बड़ी स्ट्राइक थी, जिसमें 150 से ज्यादा आतंकियों को ढेर कर दिया गया है। साथ ही 7-8 मई की रात को भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पार से ड्रोन और मिसाइलों के हमले में भी इस्लामाबाद को तगड़ा झटक लगा है।
CNN-News18 की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर का सबसे बड़ा असर कोटली में देखने को मिला, जहां 100 आतंकियों को मार गिराया गया। बहावलपुर में 40 और POK के लीपा में 12 आतंकी मारे गए हैं। मुजफ्फराबाद में 28 आतंकी की मौत हुई है।
इसके बाद 7-8 मई की रात में पाकिस्तान के घूमते हुए हथियारों और कामिकेज ड्रोनों ने भारतीय रडार और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की थी। इसका मकसद भारत की एयर डिफेंस सर्विलांस को निष्क्रिय करना था, ताकि आगे के हमलों को संभव बनाया जा सके।
हालांकि, भारत ने इंटीग्रेटेड एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल करके आने वाले ड्रोनों को गिरा दिया और लाहौर में पाकिस्तान के HQ-9 एयर डिफेंस मिसाइल लॉन्चर पर सटीक हमले किए।
HQ-9 को हुए नुकसान से पाकिस्तान की भविष्य में भारत के हमलों का पता लगाने की क्षमता कम हो गई है। लाहौर के एयर स्पेस की रक्षा के लिए अहम, इसके नुकसान से पाकिस्तान का SAM नेटवर्क कमजोर हो गया है।
पाकिस्तान को HQ-9 एयर डिफेंस सिस्टम चीन से मिला था। ये लॉन्ग रेंज (200 Km) का SAM सिस्टम है, जो पंजाब के एयर स्पेस की सुरक्षा करती है।
इसके अलावा ये पता चला है कि भारत ने सीमा के नजदीक टोही कर रहे एक पाकिस्तानी F-16 लड़ाकू विमान पर हमला कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया, लेकिन वह गिरा या नहीं इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई। सूत्रों ने बताया कि कल रात भारत की जवाबी कार्रवाई बहुत अच्छी थी।