भारत के जवाबी हमलों से घबराया पाकिस्तान, भारत से बातचीत के लिए तैयार

सीएनएन-न्यूज18 ने अपनी खबर में कहा है कि पाकिस्तान में हालात काफी खराब हो चुके हैं। इसे देखते हुए पाकिस्तान भारत के साथ बातचीत करना चाहता है। सूत्रों ने सीएनएन-न्यूज18 को यह भी बताया कि दोनों देशों के प्रतिनिधियों की बातचीत के लिए कम्युनिक्शन चैनल बनाया गया है

अपडेटेड May 10, 2025 पर 1:04 PM
Story continues below Advertisement
इंडिया के जवाबी हमलों में पाकिस्तान में सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान हुआ है।

भारत के जवाबी हमलों से पाकिस्तान घबरा गया है। आपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार उसने दोनों पक्षों के बीच सीधी बातचीत की इच्छा जताई है। सूत्रों ने सीएनएन-न्यूज18 को यह जानकारी दी है। बताया जाता है कि पाकिस्तान में हालात काफी खराब हो चुके हैं। इसे देखते हुए पाकिस्तान भारत के साथ बातचीत करना चाहता है। सूत्रों ने यह भी बताया कि दोनों देशों के प्रतिनिधियों की बातचीत के लिए कम्युनिक्शन चैनल बनाया गया है। हालांकि, अभी सरकार की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

पाकिस्तान के रुख में बदलाव

पाकिस्तान की सरकार की तरफ से भी आधिकारिक रूप से यह नहीं बताया गया है कि वह भारत के साथ बातचीत करना चाहता है। लेकिन, सूत्रों ने बताया है कि पाकिस्तान के रुख में बदलाव देखने को मिला है। शायद अब पाकिस्तान स्थिति की गंभीरता को समझने लगा है। वह अब तनाव घटाना चाहता है। इससे पहले टॉप इंटेलिजेंस सूत्रों ने सीएनएन-न्यूज18 को बताया कि इंडिया के जवाबी हमलों में पाकिस्तान में सैन्य ठिकानों को भारी नुकसान हुआ है।


भारत के जवाबी हमलों में पाक को भारी नुकसान

खासकर लाइन ऑफ कंट्रोल पर पाकिस्तान के मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान हुआ है। IMF से आर्थिक मदद मिलने के बाद पाकिस्तान ने 10 मई को तड़के भारत पर लंबी दूरी की मिसाइलों से हमले शुरू कर दिए। भारत के डिफेंस सिस्टम ने इन हमलों को नाकाम कर दिया। जवाबी कार्रवाई में भारत ने पाकिस्तान में कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। इससे पाकिस्तान में भारी तबाही हुई है।

भारत के जवाबी हमले 2-3 गुना ज्यादा ताकतवर

एक हाई लेवल सूत्र ने बताया कि इंडिया ने पाकिस्तान के मुकाबले 2-3 गुनी ताकत से हमलों के जवाब दिए। अंतरराष्ट्रीय सीमा और एलओसी पर कई अहम टारगेट्स को ध्वस्त कर दिए। इसके मुकाबले इंडिया को मामूली नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि, रजौरी में भारत के एक अधिकारी की मौत पाकिस्तान की तरफ होने वाली फायरिंग में हो गई है। रजौरी सीमा के काफी करीब स्थित है। गौरतलब है कि पाकिस्तान सीमा पर ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही अंधाधुंध फायरिंग कर रहा है। इससे सीमावर्ती लोगों में जानमाल की काफी क्षति हुई है।

यह भी पढ़ें: Pakistan की सेना बॉर्डर की तरफ बढ़ रही, भारत मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार

तीनों सेनाध्यक्ष और सीडीएस की पीएम के साथ बैठक

तीनों सेनाध्यक्ष और सीडीएस की अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक चल रही है। इससे पहले राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने प्रधामंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की । दोनों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई है। बताया जाता है कि डोभाल ने ताजा हालात के हर पहलू से प्रधानमंत्री को अवगत कराया। 10 मई को तड़के से ही स्थिति काफी नाजुक है। भारत पाकिस्तान के हर हमले का करारा जवाब दे रहा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।