'हम संघर्ष रोकने को तैयार', ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ का आया बयान

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि "अगर भारत पीछे हटता है, तो पाकिस्तान संघर्ष को समाप्त करने के लिए तैयार है।" ख्वाजा आसिफ ने भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद ब्लूमबर्ग टीवी को दिए एक इंटरव्यू में ये बातें कहीं। भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मंगलवार देर रात हमला कर उन्हें ध्वस्त किया

अपडेटेड May 07, 2025 पर 12:03 PM
Story continues below Advertisement
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने इंटरव्यू में स्वीकार किया कि भारत ने कम से कम 7 जगहों पर हमले किए

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बुधवार को एक बड़ा बयान देते हुए कहा कि "अगर भारत पीछे हटता है, तो पाकिस्तान संघर्ष को समाप्त करने के लिए तैयार है।" ख्वाजा आसिफ ने भारत के 'ऑपरेशन सिंदूर' के बाद ब्लूमबर्ग टीवी को दिए एक इंटरव्यू में ये बातें कहीं। भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मंगलवार देर रात हमला कर उन्हें ध्वस्त किया। भारत ने यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जबाव में की, जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक की मौत हो गई थी

पाकिस्तान ने 7 ठिकानों पर हमले की पुष्टि की

ख्वाजा आसिफ ने इंटरव्यू में स्वीकार किया कि भारत ने कम से कम 7 जगहों पर हमले किए, जिनमें कुछ PoK में स्थित थे।  यह पूछे जाने पर कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान अब क्या योजना बना रहा है, उन्होंने कहा, "यह सब भारत पर निर्भर करता है, इसकी शुरुआत भारत ने की है। अगर वे पीछे हटने को तैयार हैं... क्योंकि शुरुआत उन्होंने की है, हमने बस जवाब दिया है।"

उन्होंने आगे कहा, "हम पिछले 15 दिनों से कह रहे हैं कि हम भारत के खिलाफ कभी भी कोई शत्रुतापूर्ण कार्रवाई नहीं करेंगे। लेकिन, अगर हम पर हमला होता है तो हम जवाब देंगे। अगर भारत पीछे हटता है, तो हम निश्चित रूप से इन चीजों को खत्म कर देंगे। लेकिन जब तक हम पर हमला होता रहेगा, हमें जवाब देना ही होगा।"


भारत पर जवाबी कार्रवाई का आरोप

आसिफ ने दावा किया कि पाकिस्तान ने भारतीय लड़ाकू विमानों को मार गिराया है, हालांकि भारत ने इस दावे को पूरी तरह अस्वीकार कर दिया है। भारत के रक्षा मंत्रालय ने अपने आधिकारिक बयान में कहा है कि “हमारी कार्रवाई सीमित, संतुलित और गैर-उकसावे वाली थी। हमने किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया।”

भारत ने दिखाई रणनीतिक संयम

भारतीय रक्षा मंत्रालय ने आगे कहा कि “भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत लक्ष्य और हमले के तरीके का चयन करते हुए काफी संयम दिखाया।” मंत्रालय ने जोर दिया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल आतंकी बुनियादी ढांचे को नष्ट करना था, न कि संघर्ष को और बढ़ाना।

यह भी पढ़ें- Operation Sindoor: 25 मिनट तक आतंकियों पर हुई एयरस्ट्राइक…'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत किसी सैन्य या नागरिकों पर हमला नहीं हुआ

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।