राजस्थान के बाद पंजाब के जालंधर पर भी पाकिस्तान का हमला, संवेदनशील क्षेत्रों में ब्लैकआउट लागू

भारत की एयरस्ट्राइक के जवाब में पाकिस्तान ने राजस्थान के तीन सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमला किया। इसे भारत के S-400 डिफेंस सिस्टम ने हवा में ही नाकाम कर दिया। सीमावर्ती इलाकों में ब्लैकआउट और हाई अलर्ट लागू है।

अपडेटेड May 08, 2025 पर 10:33 PM
Story continues below Advertisement
पाकिस्तान की ओर से राजस्थान के नाल (बीकानेर), उत्तरलाई (बाड़मेर) और फलोदी एयरबेस को निशाना बनाकर मिसाइलें दागी गईं थीं।

India Pakistan Tension: पाकिस्तान ने गुरुवार देर शाम सीमा पर कई स्थानों पर ड्रोन, मिसाइलों और अन्य हथियारों के जरिए हमले की कोशिश की। इसे भारतीय डिफेंस सिस्टम ने समय रहते नाकाम कर दिया। ये हमले जम्मू, पठानकोट, अखनूर और सांबा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को निशाना बनाकर किए गए थे।

सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि पाकिस्तान की ये कार्रवाइयां न सिर्फ सैन्य ठिकानों बल्कि नागरिक इलाकों को भी निशाना बनाने की कोशिश थीं, जिनका मकसद मौजूदा हालात को और भड़काना था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान जैसे तीन सीमावर्ती राज्यों में कई हमलों की कोशिश हुई, लेकिन भारत के अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी प्रयासों को विफल कर दिया।

पंजाब के जालंधर में भी धमाकों की आवाज सुनी गई है। प्रशासन की तरफ से पूरे इलाके में ब्लैकआउट कर दिया गया है। लोगों को घरों से बाहर न निकलने के निर्देश जारी किए गए हैं। खबर है कि जालंधर के मंड इलाका व कैंट इलाका, सुरानुस्सी, सूर्या इंक्लेव में धमाके होने की आवाज सुनी गई है।

राजस्थान में पाकिस्तान के ड्रोन अटैक

भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने गुरुवार देर रात राजस्थान के जैसलमेर में पाकिस्तान के कई ड्रोन को इंटरसेप्ट किया। इस दौरान आसमान में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं और चमकते हुए फ्लैश भी देखे गए। समाचार एजेंसी ANI ने जैसलमेर के आसमान में नजर आए पाकिस्तानी ड्रोन के विजुअल्स भी साझा किए गए हैं।

राजस्थान में तीन सैन्य ठिकानों पर हमले


भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत एयरस्ट्राइक की थी। इसके बाद पाकिस्तान ने 7-8 मई की दरम्यानी रात राजस्थान के तीन सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमला किया। हालांकि, भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तानी हमले को पूरी तरह नाकाम कर दिया।

सरकारी जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान की ओर से राजस्थान के नाल (बीकानेर), उत्तरलाई (बाड़मेर) और फलोदी एयरबेस को निशाना बनाकर मिसाइलें दागी गईं थीं। भारतीय वायुसेना ने पहले से तैनात S-400 एयर डिफेंस सिस्टम को एक्टिवेट कर रखा था, जिसने सभी मिसाइलों को लक्ष्य पर पहुंचने से पहले ही हवा में नष्ट कर दिया।

जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर में ब्लैकआउट लागू

तनाव बढ़ने के बाद पाकिस्तान ने सीमावर्ती इलाकों में F-16, JF-17 और अन्य फाइटर जेट्स तैनात कर दिए हैं। भारत की ओर से भी सीमाओं पर हाई अलर्ट जारी है। हालात को देखते हुए जोधपुर, बाड़मेर और जैसलमेर में ब्लैकआउट लागू किया गया है। इसका मतलब है कि इलाके में पूरी तरह रोशनी बंद रखी जाएगी, ताकि दुश्मन की निगरानी या हमले से बचा जा सके।

डॉक्टरों, मेडिकल स्टाफ और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। श्रीगंगानगर में शाम 7 बजे के बाद बाजार बंद करने के निर्देश है। पाली जिले के जवाई डैम क्षेत्र में आमजन की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने पाकिस्तान की सीमा से सटे जिलों के लिए गाइडलाइन जारी की है। साथ ही, हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जम्मू और पठानकोट में भी पाकिस्तानी हमला

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच जम्मू में हमले की खबर सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, जम्मू एयरपोर्ट और डिफेंस कॉलोनी के आसपास धमाकों की आवाजें सुनी गईं। इसके अलावा, पठानकोट एयरबेस पर भी पाकिस्तान की ओर से बड़ा हमला करने की कोशिश की गई।

सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान ने ड्रोन और मिसाइलों के जरिए हमले की साजिश रची थी। लेकिन भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम S-400 पहले से सक्रिय था। जैसे ही पाकिस्तान की ओर से दागी गईं 8 मिसाइलें भारतीय सीमा में दाखिल हुईं, S-400 सिस्टम ने उन्हें हवा में ही मार गिराया। सभी हमलों को पूरी तरह से नाकाम कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें : Jammu Attack: जम्मू एयरपोर्ट, पठानकोट एयरबेस पर पाकिस्तान का बड़ा हमला नाकाम, S-400 ने मार गिराईं 8 मिसाइल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।