India Pakistan War Latest Updates: भारत-पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच पंजाब के होशियारपुर जिले के कमाही देवी गांव के पास खेत में मिसाइल के हिस्सों जैसा एक मलबा मिला है। होशियारपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) मुकेश कुमार ने कहा कि यह मलबा गुरुवार (8 मई) रात को मिला, जो मिसाइल का प्रतीत होता है। स्थानीय पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वायुसेना को सूचित किया। उसके बाद उस इलाके की घेराबंदी कर दी जहां मलबा मिला था।
एक अधिकारी ने कहा कि वायुसेना के अधिकारियों की एक टीम जल्द ही घटनास्थल पर पहुंची। फिर वे मलबे को जांच के लिए अपने साथ ले गई। भारत और पाकिस्तान में बढ़ते तनाव के बीच पंजाब अलर्ट मोड पर है। गुरुवार शाम को पठानकोट, मोहाली, जालंधर, अमृतसर और होशियारपुर समेत कई शहरों में ब्लैकआउट कर दिया गया।
भारत ने गुरुवार रात को जम्मू, पठानकोट, उधमपुर और कुछ अन्य स्थानों पर सैन्य ठिकानों पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला करने की पाकिस्तानी सेना की कोशिश नाकाम कर दी। वहीं, व्यापक सैन्य संघर्ष की आशंकाओं के बीच दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।
पाकिस्तानी प्रयासों को विफल करने के बाद रक्षा मंत्रालय ने कहा कि भारत "अपनी संप्रभुता की रक्षा करने और अपने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।" भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर पंजाब सरकार ने राज्य भर में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और पंजाब सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों की छुट्टियां शुक्रवार को रद्द कर दीं। पंजाब पुलिस ने अपने कर्मियों की छुट्टियां पहले ही रद्द कर दी हैं।
पंजाब की कार्मिक सचिव गुरप्रीत कौर सपरा द्वारा जारी पत्र में कहा गया, "मौजूदा स्थिति और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की तैयारियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि कोई भी अधिकारी मुख्य सचिव पंजाब की स्पष्ट मंजूरी के बिना किसी भी तरह की छुट्टी पर नहीं जाएगा या अपनी तैनाती का स्थान नहीं छोड़ेगा। अब तक स्वीकृत सभी छुट्टियां रद्द की जाती हैं।"
उन्होंने कहा कि ये निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। आईएएस और पीसीएस अधिकारियों को संबोधित पत्र में कहा गया है, "आदेश का अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, अन्यथा संबंधित नियमों के तहत उचित कार्रवाई शुरू की जाएगी।"
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब भारतीय सशस्त्र बलों ने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और पाकिस्तान में बुधवार को नौ आतंकवादी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए थे।
इसके बाद, भारत ने गुरुवार रात जम्मू और पठानकोट समेत सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने के पाकिस्तान के प्रयासों को विफल कर दिया। इससे पहले भारत ने देश के उत्तरी और पश्चिमी क्षेत्रों में 15 स्थानों पर इसी तरह की कोशिशों को नाकाम कर दिया।