PM Modi Gujarat Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (20 सितंबर) को गुजरात के भावनगर में 'समुद्र से समृद्धि' कार्यक्रम में 34,200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम मोदी ने समुद्री क्षेत्र से संबंधित 7,870 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। समुद्री क्षेत्र की पहल के हिस्से के रूप में पीएम मोदी ने इंदिरा डॉक में मुंबई अंतर्राष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल सहित 7,870 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट, कोलकाता में एक नए कंटेनर टर्मिनल और संबंधित सुविधाओं की आधारशिला भी रखी।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को अपने गृह राज्य गुजरात के भावनगर में एक रोड शो किया। यह रोड शो एयरपोर्ट से शुरू होकर एक किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद गांधी मैदान में समाप्त हुआ। पीएम मोदी ने सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। ऑपरेशन सिंदूर के विजय बैनर और जीएसटी सुधारों के लिए उन्हें धन्यवाद देने वाले पोस्टर भी सड़क के किनारे लगाए गए थे।
भावनगर में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज विश्वबंधु की भावना से आगे बढ़ रहा है। दुनिया में हमारा कोई बड़ा दुश्मन नहीं है। उन्होंने कहा कि सच्चे अर्थ में अगर हमारा कोई दुश्मन है तो वो है दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता...। यही हमारा सबसे बड़ा दुश्मन है और हमें मिलकर भारत के इस दुश्मन को हराना ही होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, "नवरात्रि का त्योहार शुरू होने वाला है। इस साल GST में कमी के साथ, बाजारों में और भी रौनक आने वाली है। उत्सव के इस माहौल के बीच, हम 'समुद्र से समृद्धि' का महापर्व भी मना रहे हैं।"
पीएम मोदी ने कहा, "21 वीं सदी का भारत आज समुद्र को बहुत बड़े अवसर के रूप में देख रहा है। थोड़ी देर पहले यहां बंदरगाह आधारित विकास को गति देने के लिए हजारों करोड़ रुपए के परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया है। देश में क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आज मुंबई में अंतरराष्ट्रीय क्रूज टर्मिनल का भी लोकार्पण किया गया है।"
'आत्मनिर्भर बनना ही होगा'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "भारत आज विश्वबंधु की भावना से आगे बढ़ रहा है। दुनिया में हमारा कोई बड़ा दुश्मन नहीं है। सच्चे अर्थ में अगर हमारा कोई दुश्मन है तो वो है दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता। यही हमारा सबसे बड़ा दुश्मन है और हमें मिलकर भारत के इस दुश्मन को हराना ही होगा। जितनी ज्यादा विदेशी निर्भरता... उतनी ज्यादा देश की विफलता। विश्व में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए... दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देश को आत्मनिर्भर बनना ही होगा।"
पीएम मोदी ने आगे कहा, "भारत में सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है, लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस ने भारत के हर सामर्थ्य को नजरअंदाज किया, इसलिए आजादी के 6-7 दशकों बाद भी भारत वो सफलता हासिल नहीं कर पाया, जिसके हम हकदार थे। इसके दो बड़े कारण रहे- लंबे समय तक कांग्रेस सरकार ने देश को लाइसेंस कोटा राज में उलझाए रखा। दुनिया के बाजार से अलग-थलग रखा। कांग्रेस सरकार की नीतियों ने देश के नौजवानों का बहुत नुकसान किया।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "2047 तक हमें विकसित होना है तो भारत को आत्मनिर्भर होना ही होगा... इसके अलावा कोई विकल्प नहीं है। 140 करोड़ देशवासियों का एक ही संकल्प होना चाहिए- चिप हो या शिप... हमें भारत में ही बनाने होंगे। इसी सोच के साथ आज भारत समुद्री क्षेत्र भी नेक्स्ट जेनरेशन रिफॉर्म करने जा रहा है। देश के समुद्री क्षेत्र को मजबूती देने के लिए एक बहुत ऐतिहासिक निर्णय हुआ है... अब सरकार ने बड़े जहाजों को इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में मान्यता दे दी है।"