Credit Cards

PM Modi: 'भारत का होगा अपना अंतरिक्ष स्टेशन', नेशनल स्पेस डे पर PM मोदी ने किया बड़ा ऐलान

National Space Day: पीएम मोदी ने कहा, 'आज भारत सेमी-क्रायोजेनिक इंजन और इलेक्ट्रिक प्रणोदन जैसी तकनीकों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जल्द ही आप सभी वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत से भारत गगनयान के साथ भी उड़ान भरेगा और खुद का अंतरिक्ष स्टेशन भी बनाएगा

अपडेटेड Aug 23, 2025 पर 1:35 PM
Story continues below Advertisement
PM मोदी ने भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभ्रांशु शुक्ला से अपनी मुलाकात का भी जिक्र किया

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर देश को संबोधित करते हुए एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि भारत जल्द ही अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन बनाने की दिशा में काम कर रहा है। शनिवार को दिए गए अपने भाषण में पीएम मोदी ने भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभ्रांशु शुक्ला की सफलता का भी जिक्र किया और युवाओं से इस पहल में शामिल होने का आग्रह किया। आपको बता दें कि इस साल का राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 'आर्यभट्ट से गगनयान: प्राचीन ज्ञान से अनंत संभावनाएं' की थीम पर मनाया जा रहा है।

'गगनयान' और फिर खुद के अंतरिक्ष स्टेशन का है सपना

पीएम मोदी ने कहा, 'आज भारत सेमी-क्रायोजेनिक इंजन और इलेक्ट्रिक प्रणोदन जैसी तकनीकों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जल्द ही, आप सभी वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत से, भारत गगनयान के साथ भी उड़ान भरेगा और आने वाले समय में, भारत अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन भी बनाएगा।'


इस दौरान प्रधानमंत्री ने भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभ्रांशु शुक्ला से अपनी मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'तीन दिन पहले, मैं ग्रुप कैप्टन शुभ्रांशु शुक्ला से मिला। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर तिरंगा फहराकर हर भारतीय को गर्व से भर दिया।' पीएम मोदी ने कहा कि शुभ्रांशु के साथ हुई चर्चा में उन्होंने 'नए भारत' के युवाओं के अदम्य साहस और अनंत सपनों को देखा। इन सपनों को आगे बढ़ाने के लिए भारत अपने अंतरिक्ष यात्रियों का एक पूल भी तैयार करने जा रहा है। उन्होंने युवाओं को भारत के सपनों को पंख देने के लिए इस 'एस्ट्रोनॉट पूल' में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

2035 तक 'स्पेस स्टेशन' और 2040 तक 'चंद्रमा से नमूने लाने का है मिशन: ISRO

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए एक महत्वाकांक्षी रोडमैप जारी किया है। इसके तहत 2035 तक 'भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन' (BAS) और 2040 तक चंद्रमा से नमूने वापस लाने वाले मिशन की योजना बनाई गई है। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर इसरो के अध्यक्ष वी. नारायणन ने कहा कि प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के आधार पर चंद्रयान-4 और शुक्र ग्रह पर ऑर्बिटर मिशन की तैयारी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि 2028 तक 'भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन' का पहला मॉड्यूल लॉन्च किया जाएगा, जो 2035 तक पूरी तरह से चालू हो जाएगा। इस दौरान स्पेस स्टेशन का एक प्रोटोटाइप मॉडल भी पेश किया गया।

Indian Space Staion

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।