'केंद्र बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है': प्रधानमंत्री मोदी ने पंजाब और हिमाचल की जनता को दिया भरोसा

Flood-hit Punjab-Himachal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (9 सितंबर) को हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित मंडी और कुल्लू जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। हिमाचल के बाद पीएम मोदी आज पंजाब का भी दौरा करने वाले हैं

अपडेटेड Sep 09, 2025 पर 3:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
PM मोदी ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया

Flood-hit Punjab-Himachal: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार (9 सितंबर) को बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए हिमाचल प्रदेश और पंजाब का दौरा शुरू करते हुए कहा कि भारत सरकार प्रभावित लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित मंडी और कुल्लू जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। हिमाचल के बाद पीएम मोदी आज पंजाब का भी दौरा करेंगे।

बाढ़ और भूस्खलन के बाद स्थिति की समीक्षा के लिए दिल्ली से हिमाचल प्रदेश और पंजाब के लिए रवाना होते समय प्रधानमंत्री मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, "भारत सरकार इस दुखद घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।" अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए हिमाचल प्रदेश और पंजाब के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के दौरे के बाद प्रधानमंत्री मोदी पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। वह गुरदासपुर का दौरा करेंगे। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे तथा जमीनी हालात पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वह गुरदासपुर में बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ-साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और आपदा मित्र टीम से भी बातचीत करेंगे।


हिमाचल दौरे के बाद पीएम मोदी ने X पर लिखा, "हवाई सर्वेक्षण के जरिए हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति का जायजा लिया। इस कठिन समय में हम प्रदेश के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। इसके साथ ही प्रभावित लोगों की मदद के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहे हैं।"

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ ने रविवार को कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी पंजाब में बाढ़ की स्थिति को लेकर बेहद चिंतित हैं। वह इस पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर गुरदासपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

पंजाब इस समय दशकों में अपनी सबसे भीषण बाढ़ आपदाओं में से एक का सामना कर रहा है। यह बाढ़ सतलुज, व्यास और रावी नदियों में उफान के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण मौसमी नालों के उफान का परिणाम है।

इसके अलावा, पंजाब में हाल के दिनों में हुई भारी बारिश से भी बाढ़ की स्थिति और बिगड़ गई। पंजाब में विनाशकारी बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या 51 हो गई है, जबकि 1.84 लाख हेक्टेयर में लगी फसलें बर्बाद हो गई हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।