WAVES Summit 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार (1 मई) को मुंबई में पहले वर्ल्ड ऑडियो एंड विजुअल एंटरटेनमेंट समिट (WAVES) का उद्घाटन करेंगे। यह चार दिवसीय कार्यक्रम मीडिया और मनोरंजन जगत को साथ लाएगा। पारंपरिक और उभरते मीडिया के बीच की खाई को पाटने के लिए एक प्लेटफॉर्म के रूप में 'वेव्स' के वास्ते प्रधानमंत्री ने लगभग 10 घंटे का समय निर्धारित किया है। इस दौरान वह मीडिया जगत के CEO और मनोरंजन जगत की शख्सियतों के साथ बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी 'क्रिएटोस्फियर (Creatosphere)' सेशन में दुनिया भर के युवा रचनाकारों से भी बातचीत करेंगे। इन्होंने 31 भिन्न 'क्रिएट इन इंडिया (Create in India)' चुनौतियों में भाग लिया है। पीएम मोदी विजेताओं को पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव भी शिखर सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे।
इस समिट में दिग्गज सुपरस्टार रजनीकांत, मोहनलाल, हेमा मालिनी और चिरंजीवी जैसे शीर्ष अभिनेताओं के भाग लेने की उम्मीद है। पीटीआई के मुताबिक, उद्घाटन दिवस की सांस्कृतिक संध्या में विश्व मोहन भट्ट, येल्ला वेंकटेश्वर राव और रोनू मजूमदार जैसे दिग्गजों के नेतृत्व में शास्त्रीय कलाकार परफॉर्म करेंगे।
साथ ही टेटसेओ सिस्टर्स, झाला, श्रेया घोषाल, किंग एक्स एलन वॉकर की प्रस्तुतियां और अनुपम खेर का सिनेमाई अभिनय भी होगा। विदेश मंत्री एस जयशंकर वैश्विक मीडिया वार्ता की अध्यक्षता कर सकते है। इसमें जिसमें दुनिया भर के मंत्री, मीडिया जगत के दिग्गज और नीति निर्माता भाग लेंगे।
शिखर सम्मेलन से पहले घोषित 32 चुनौतियों के विजेताओं को पहला वेव्स पुरस्कार भी मुंबई के जियो वर्ल्ड सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में दिया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि मुंबई को वेव्स शिखर सम्मेलन का स्थायी स्थल माना जा रहा है, जिसे मीडिया और मनोरंजन उद्योग की सबसे बड़ी सभा के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। ये व्यापार और अर्थव्यवस्था क्षेत्रों के लिए दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक के समान है।