‘मुझे नहीं पता कि मेरे पति कब वापस आएंगे' पाकिस्तान की हिरासत में BSF जवान की गर्भवती पत्नी ने लगाई गुहार, जाएंगी पंजाब

यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है, जब पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच राजनयिक गतिरोध पैदा हो गया है। पहलगाम आतंकवादी हमले में मंगलवार को 26 लोग मारे गए थे। इस बीच, सेरामपुर से तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर BSF के DG दलजीत सिंह चौधरी से बात की

अपडेटेड Apr 26, 2025 पर 10:24 PM
Story continues below Advertisement
पाकिस्तान की हिरासत में BSF जवान की गर्भवती पत्नी ने लगाई गुहार, जाएंगी पंजाब

पाकिस्तान रेंजर्स की ओर से हिरासत में लिए गए सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान पूर्णम कुमार शॉ की गर्भवती पत्नी उनकी सुरक्षित वापसी की गुहार लगाने के लिए पंजाब के पठानकोट जाने वाली हैं। पश्चिम बंगाल के हुगली के रहने वाले 40 साल के कांस्टेबल पूर्णम कुमार शॉ को पाकिस्तान रेंजर्स ने बुधवार को उस समय हिरासत में ले लिया, जब वह किसानों को सुरक्षा देते हुए गलती से पंजाब के फिरोजपुर जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गए थे।

यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है, जब पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच राजनयिक गतिरोध पैदा हो गया है। पहलगाम आतंकवादी हमले में मंगलवार को 26 लोग मारे गए थे।

शनिवार को मीडियाकर्मियों से बात करते हुए पूर्णम की पत्नी रजनी शॉ ने कहा, "पाकिस्तानी सेना की ओर से उन्हें पकड़े हुए चार दिन हो चुके हैं। हम बीएसएफ अधिकारियों के संपर्क में हैं। लेकिन वे बस इतना कह रहे हैं कि बैठकें हो रही हैं। लेकिन कोई सकारात्मक खबर नहीं है। मुझे नहीं पता कि मेरे पति कब वापस आएंगे।"


रजनी ने कहा, "मैंने खुद पठानकोट जाने का फैसला किया है और BSF अधिकारियों से अपने पति की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। मैं व्यक्तिगत रूप से सभी से इस कोशिश में मदद करने की अपील करूंगी। मैं उनकी रिहाई सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से संपर्क करूंगी। मुझे नहीं पता कि किस पर भरोसा किया जाए। हमें उनकी वापसी सुनिश्चित करनी चाहिए और मैं ऐसा करने के लिए व्यक्तिगत रूप से दरवाजे खटखटाने को तैयार हूं।" रजनी रविवार को पठानकोट के लिए रवाना होने वाली हैं।

रजनी ने बताया, "उनके दोस्त ने फोन किया था। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की ओर से मेरे पति का अपहरण कर लिया गया है, जबकि वे ड्यूटी पर थे। मैंने पिछले मंगलवार को उनसे बात की थी। वे 17 साल से सेवा में हैं।" रिश्तोंदारों के अनुसार, रजनी गर्भवती हैं और दंपति का एक सात साल का बच्चा है।

इस बीच, सेरामपुर से तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर BSF के DG दलजीत सिंह चौधरी से बात की।

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, बनर्जी ने कहा, "मैंने पाकिस्तान में हिरासत में लिए गए पूर्णम कुमार शॉ के बारे में बीएसएफ डीजी को फोन किया। उन्होंने मुझे बताया कि सभी एजेंसियां ​​और केंद्र जवान को वापस लाने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान समय ले रहा है, लेकिन आखिरकार जवान को वापस लौटा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्णम फिलहाल पाकिस्तान में सुरक्षित और अच्छे स्वास्थ्य में हैं।"

पूर्णम के भाई राजेश्वर पांडे ने कहा, "हमें बताया गया है कि रिहाई के लिए बातचीत चल रही है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है।"

पहलगाम आतंकी हमले ने पाकिस्तान की हिरासत में पूर्णम की सुरक्षा को लेकर परिवार की चिंता बढ़ा दी है। हमले के बाद, भारत ने सीमा पार आतंकवाद के लिए पाकिस्तान के कथित समर्थन के जवाब में कई मजबूत कूटनीतिक और रणनीतिक कदम उठाए हैं।

BSF जवान को पाकिस्तानी रेंजर ने पकड़ा, आंखों पर बांधी पट्टी, तस्वीर वायरल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।