केतन की डेडबॉडी देख टस से मस नहीं हुई मंगेतर सिया! रेस्क्यू स्टाफ का सबसे बड़ा खुलासा- 'सिर की हड्डी चकनाचूर, पसलियां टूटी...',

Ketan Agarwal Murder Case Pune: इस घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाला खुलासा मंगेतर सिया गोयल के बर्ताव को लेकर हुआ है। सुनील गायकवाड़ ने बताया कि जब खाई से केतन की लाश निकाली जा रही थी, तब सिया वहीं मौजूद थी। लाश बाहर निकाले जाने के दौरान सिया पूरी तरह शांत थी। वहां मौजूद बाकी लोग और तमाशबीन गहरे सदमे और दुख में चिल्ला रहे थे, लेकिन सिया के चेहरे पर गम नहीं था। रेस्क्यू स्टाफ के इस बयान से कई गंभीर सवाल खड़े हो है

अपडेटेड Jun 27, 2026 पर 1:48 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सुनील गायकवाड़ ने बताया कि जब खाई से केतन की लाश निकाली जा रही थी, तब सिया वहीं मौजूद थी लेकिन सिया के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी

Pune Ketan Murder Case: पुणे के 25 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में एक और दिल दहला देने वाला खुलासा हुआ है। 18 जून को लोहगढ़ किले की गहरी खाई से केतन का शव निकालने वाली रेस्क्यू टीम के सदस्य सुनील गायकवाड़ ने बताया कि जब वे शव तक पहुंचे, तो वहां का नजारा बेहद खौफनाक था। उन्होंने बताया, 'जब हम लोहगढ़ किले के नीचे पहुंचे, तो हमें गंभीर चोटों से लथपथ लड़के का शव मिला'।

रेस्क्यू स्टाफ के इस ताजा बयान से सनसनी फैल गई है। पुलिस इस मामले को सोची-समझी साजिश के तहत किया गया मर्डर मानकर चल रही है, जिसमें केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसका प्रेमी चेतन चौधरी पुलिस कस्टडी में हैं। आइए बताते हैं शव मिलने के बाद रेस्क्यू टीम ने क्या-क्या देखा।

रेस्क्यू टीम के सदस्य ने क्या देखा?


समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए रेस्क्यू टीम के सुनील गायकवाड़ ने बताया, 'जब हम लोहगढ़ किले के नीचे पहुंचे तो वहां का नजारा बेहद दर्दनाक था। हमें गंभीर चोटों से लथपथ लड़के का शव मिला। उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था और हाथ-पैरों पर चोटों के कई गहरे निशान थे। उसकी मौत हो चुकी थी। घने जंगल और खड़ी ढलान होने के कारण हमें शव को ऊपर खींचकर बाहर निकालने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।'

गायकवाड़ ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 10:30 बजे घटना की सूचना दी गई थी। इसके बाद शव को खाई से निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन दोपहर 12:30 बजे तक चला और दोपहर 1:30 बजे शव को एम्बुलेंस के हवाले कर दिया गया।

केतन की डेडबॉडी देख कर भी बिल्कुल शांत खड़ी थी मंगेतर सिया

इस पूरे ड्रामेटिक घटनाक्रम में सबसे चौंकाने वाला खुलासा मंगेतर सिया गोयल के बर्ताव को लेकर हुआ है। सुनील गायकवाड़ ने बताया कि जब खाई से केतन की लाश निकाली जा रही थी, तब सिया वहीं मौजूद थी।

आमतौर पर ऐसी स्थिति में कोई भी कांप उठेगा, लेकिन सिया के चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। गायकवाड़ के मुताबिक, 'लाश बाहर निकाले जाने के दौरान सिया पूरी तरह शांत थी। वहां मौजूद बाकी लोग और तमाशबीन गहरे सदमे और दुख में चिल्ला रहे थे, लेकिन सिया के चेहरे पर गम नहीं था।'

अब माता-पिता से पूछताछ, भाई और मैचमेकर के खुले राज

पुणे पुलिस इस खौफनाक मर्डर मिस्ट्री की कड़ियों को जोड़ने के लिए अब पूरे परिवार और रिश्तेदारों को रडार पर ले चुकी है। सिया गोयल के माता-पिता पूजा गोयल और प्रवीण गोयल को पुलिस ने समन भेजकर लोनावला ग्रामीण पुलिस स्टेशन बुलाया है, जहां उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है।

इससे पहले शुक्रवार को सिया के भाई साहिल गोयल से 10 घंटे पूछताछ की गई थी। साहिल ने पुलिस को बताया कि सिया ने उसे कभी यह नहीं बताया था कि वह केतन के साथ इस शादी से नाखुश थी।

सीएनएन-न्यूज18 के मुताबिक, दोनों परिवारों का रिश्ता तय कराने वाले मैचमेकर नरेंद्र मित्तल से भी पूछताछ हुई है। मित्तल ने बताया कि वह सिया को बचपन से जानते हैं और उनका काम सिर्फ दोनों परिवारों को मिलाना था। उन्हें सिया और चेतन के अफेयर के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

नवंबर में होनी थी शादी

सक्सेस ग्रुप के डायरेक्टर केतन अग्रवाल और सिया गोयल की सगाई इसी साल फरवरी 2026 में हुई थी और दोनों की शादी इसी साल नवंबर में तय थी। लेकिन शादी के चंद महीने पहले ही सिया ने अपने प्रेमी चेतन के साथ मिलकर ट्रेकिंग के बहाने केतन को लोहगढ़ किले पर बुलाया और कथित तौर पर उसे पहाड़ी से नीचे धकेल दिया। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से डिजिटल सबूतों और डिलीटेड चैट्स की जांच कर रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।