कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि “भारत में लोकतंत्र पर हो रहा हमला सबसे बड़ा खतरा है।” इस पर बीजेपी ने कड़ा जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष के नेता एक बार फिर विदेशी दौरे के दौरान देश को बांटने और बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल गांधी ने ये बयान कोलंबिया की EIA यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान दिया। उन्होंने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, “भारत में कई धर्म, परंपराएं, भाषाएं और विचार हैं। लोकतंत्र ही वो तरीका है, जिससे हर किसी को अपनी बात रखने का मौका मिलता है। लेकिन इस समय हमारे लोकतंत्र पर सीधे-सीधे हमला किया जा रहा है।”
उन्होंने कहा कि भारत की विविधता को दबाया नहीं जा सकता। चीन जैसे तानाशाही मॉडल को भारत अपनाकर नहीं चल सकता। राहुल गांधी ने कहा, “भारत में 16-17 भाषाएं और अलग-अलग धर्म हैं। इन सबको अभिव्यक्ति की आजादी मिलनी चाहिए। चीन की तरह लोगों को दबाकर देश नहीं चल सकता, भारत का ढांचा ही इसे स्वीकार नहीं करता।”
राहुल गांधी के इस बयान पर बीजेपी ने उन्हें घेरते हुए कहा कि वे लगातार विदेशों में जाकर भारत के लोकतंत्र और संस्थाओं को बदनाम करते हैं। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने X पर लिखा, “राहुल गांधी फिर साबित कर रहे हैं कि वे LoP नहीं बल्कि ‘Leader of Propaganda’ हैं। विदेश जाकर भारतीय लोकतंत्र पर हमला करते हैं। कभी अमेरिका-यूके से दखल की मांग करते हैं, कभी सेना, न्यायपालिका, संविधान और सनातन पर सवाल उठाते हैं।”
केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “राहुल गांधी की आदत बन गई है कि वे देश के संवैधानिक संस्थानों को विदेश में बदनाम करते हैं। देश की जनता इस व्यवहार को बिल्कुल स्वीकार नहीं करती।”