दिल्ली-एनसीआर में ठंड के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। जनवरी के महीने में जहां लोग कड़ाके की सर्दी और कोहरे से राहत की उम्मीद कर रहे थे, वहीं बारिश ने एक बार फिर रोजमर्रा की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। 23 और 27 जनवरी को हुई बारिश के बाद अब तीसरी बार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से राजधानी और आसपास के इलाकों में बारिश का नया दौर देखने को मिल रहा है। 31 जनवरी की रात से ही दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर के आसमान में घने बादल छाए हुए हैं। कई इलाकों में देर रात से सुबह तक हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे सड़कों पर फिसलन बढ़ गई और सुबह की आवाजाही प्रभावित हुई। मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ नजर आ रहा है।
