Raja Raghuvanshi Case: सोनम रघुवंशी को कोर्ट ने क्यों दी जमानत? 10 महीने बाद जेल से आएगी बाहर

Sonam Raghuvanshi Bail: कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि जिस तरीके से महिला को उसकी गिरफ्तारी के कारण बताए गए, उससे यह साफ नहीं होता कि उसे ठीक से समझाया गया था कि उस पर क्या आरोप हैं। इसी वजह से सोनम के डिफेंस पर असर पड़ा है और उसे नुकसान हुआ है

अपडेटेड Apr 28, 2026 पर 7:16 PM
Story continues below Advertisement
Raja Raghuvanshi Case: सोनम रघुवंशी को मिली जमानत, कोर्ट ने कहा- महिला को उसकी गिरफ्तारी के ठोस कारण नहीं बताए गए

पूरे देश को हिला देना वाले इंदौर के राजा रघुवंशी हत्याकांड में एक बड़ी खबर आई है। मेघालय की एक अदालत ने मामले की मुख्य संदिग्ध आरोपी और राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी को जमानत दे दी है।हालांकि, उन पर शिलांग न छोड़ने जैसी कई शर्तें लगाई गई हैं। अदालत ने सोनम को जमानत देते हुए कहा कि उनकी गिरफ्तारी के ठोस कारण उन्हें साफ और सही तरीके से नहीं बताए गए थे।

अदालत ने माना कि आरोपी को यह पूरी तरह समझाना जरूरी होता है कि उसे किस आधार पर गिरफ्तार किया जा रहा है। लेकिन इस मामले में ऐसा ठीक से नहीं किया गया, जिससे उनके अधिकारों का उल्लंघन हुआ।

इसी आधार पर कोर्ट ने जमानत देते हुए कहा कि गिरफ्तारी के वक्त जरूरी कानूनी प्रक्रिया का पालन सही ढंग से नहीं हुआ, इसलिए राहत दी जा रही है।


कमजोर पड़ा सोनम का डिफेंस: कोर्ट

कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि जिस तरीके से महिला को उसकी गिरफ्तारी के कारण बताए गए, उससे यह साफ नहीं होता कि उसे ठीक से समझाया गया था कि उस पर क्या आरोप हैं।

इसका मतलब है कि गिरफ्तारी के पीछे के जरूरी तथ्य उसे साफ और सही तरीके से नहीं बताए गए। इसी वजह से उसके डिफेंस पर असर पड़ा है और उसे नुकसान हुआ है।

कोर्ट ने यह भी कहा कि रिकॉर्ड में ऐसा कुछ नहीं है, जिससे पता चले कि जब उसे पहली बार गाजीपुर कोर्ट में पेश किया गया था, तब उसके साथ कोई वकील था। अगर वकील होता, तो वह उस समय ये बात कोर्ट के सामने रख सकता था।

राजा रघुवंशी हत्याकांड की पूरी टाइमलाइन

इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की मेघालय में हनीमून के दौरान हुई हत्या ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस मामले में उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा को मुख्य आरोपी बनाया गया।

  • 11 मई 2025: राजा रघुवंशी और सोनम की शादी इन्दौर में हुई। (पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश शादी से 11 दिन पहले ही रच ली गई थी)।
  • 20 मई 2025: नवविवाहित जोड़ा हनीमून के लिए इन्दौर से मेघालय के लिए रवाना हुआ।
  • 21-22 मई 2025: दोनों शिलांग पहुंचे और एक रेंटेड स्कूटर लेकर चेरापूंजी (सोहरा) के पास नोंगिरात गांव में रुके।
  • 23 मई 2025 (सुबह 5:30): जोड़ा नोंगिरात के होमस्टे से चेक-आउट कर ट्रेकिंग के लिए निकला।
  • 23 मई (दोपहर 12:30): सोनम ने अपनी सास को फोन किया और बताया कि वे ट्रेकिंग से थक गए हैं। राजा ने भी अपनी मां से बात की।
  • 23 मई (दोपहर 1:30 - 2:00): 'वेई सॉडोंग' वॉटरफॉल के पास तीन भाड़े के हत्यारों (विशाल, आनंद और आकाश) ने राजा पर हमला किया और गला रेतकर हत्या कर दी।
  • 23 मई (दोपहर 2:15): गुमराह करने के लिए सोनम ने राजा के फोन से सोशल मीडिया पर 'सात जन्मों का साथ' कैप्शन के साथ फोटो पोस्ट की और फिर फोन घाटी में फेंक दिया।
  • 23 मई (शाम): राजा की लाश को गहरी खाई में फेंक दिया गया। सोनम वहां से फरार हो गई।
  • 24 मई 2025: परिवार द्वारा संपर्क न होने पर 'लापता' होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। उनकी स्कूटी लावारिस मिली।
  • 02 जून 2025: पुलिस को चेरापूंजी की खाई से सड़ी-गली अवस्था में राजा का शव मिला। पहचान स्मार्टवॉच और टैटू से हुई।
  • 09 जून 2025: सोनम उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक ढाबे पर मिली। उसने शुरू में अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी।
  • 11 जून 2025: कड़ी पूछताछ के बाद सोनम ने अपना जुर्म कबूल किया। उसने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर हत्या की बात मानी।
  • 05 सितंबर 2025: मेघालय पुलिस ने अदालत में 790 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की।
  • 28 अक्टूबर 2025: कोर्ट ने सोनम, राज कुशवाहा और तीन हत्यारों के खिलाफ हत्या (धारा 103) और साजिश की धाराएं तय कीं।
  • 28 अप्रैल 2026: (आज का अपडेट): शिलांग कोर्ट ने मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को कड़ी शर्तों के साथ जमानत दी।

Raja Raghuvanshi: जिस जगह पर सोनम ने कराया राजा का मर्डर अब वहां परिवार ने कराई पूजा, जानें क्या कहा

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।