Rajasthan Latest Politics News: उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक से इस्तीफा देने के बाद राजस्थान की राजनीति में सियासी घमासान देखने को मिल रहा है। धनखड़ के इस्तीफा दिए जाने बाद राज्य में सत्ताधारी सीएम भजनलाल शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बड़े-बड़े नेता दिल्ली का दौरा कर रहे हैं। पिछले तीन-चार दिनों में राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, भजनलाल सरकार के कैबिनेट मंत्री और सीनियर नेता किरोड़ीलाल मीणा और राज्यसभा सासंद घनश्याम तिवाड़ी दिल्ली में कई बड़े नेताओं से मिले हैं।
हालांकि इन नेताओं की बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से क्या बातचीत हुई इसका डिटेल्स तो बाहर नहीं आया है। लेकिन इन मुलाकातों से सियासी सुगबुगाहट तेज हो गई है। सूत्रों की मानें तो बीजेपी के नेता उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर ये दौरा कर रहे हैं। ये लीडर कथित तौर पर केंद्रीय नेतृत्व से राजस्थान से ही किसी को उपराष्ट्रपति के लिए उम्मीदवार बनाने की मांग कर रहे हैं। माना जा रहा है कि जाट समुदाय को साधने के लिए पार्टी नई रणनीति बना रही है। हालांकि इस मुलाकात को सीएम भजनलाल से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
'न्यूज 18' के मुताबिक, पिछले दिनों कृषि मंत्री किरोड़लाल मीणा दो दिन के लिए दिल्ली दौरे पर थे। उन्होंने पार्टी प्रमुख जेपी नड्डा से लंबी बातचीत की थी। अपने दौरे के दौरान किरोड़ीलाल ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, गजेंद्र सिंह शेखावत और भूपेंद्र सिंह यादव से भी मुलाकात की थी।
मीणा के बाद डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने भी दिल्ली में BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलीं। इसी दौरान राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी भी दिल्ली पहुंचे थे। हालांकि, नेताओं ने इन मुलाकातों का 'शिष्टाचार भेंट' बताया है। लेकिन, राजनीतिक एक्सपर्ट इन मुलाकातों को अलग-अलग एंगल से देख रहे हैं।
उपराष्ट्रपति चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर देने के मद्देनजर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) इस महत्वपूर्ण संवैधानिक पद के लिए अपने उम्मीदवार के चयन को लेकर विचार-विमर्श शुरू करने वाला है। ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि विपक्ष भी इस पद की दौड़ में शामिल होगा। इलेक्शन कमीशन ने उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए एक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है।
लोकसभा और राज्यसभा के सदस्यों वाले निर्वाचक मंडल में सत्तारूढ़ NDA के पास स्पष्ट बहुमत है। क्योंकि वर्तमान कुल 782 सांसदों में से उसके पास लगभग 425 का संख्या बल है। उपराष्ट्रपति पद से 21 जुलाई की शाम जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के कारण यह पद खाली हुआ है। धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 को समाप्त होना था।
बीजेपी ने इस बारे में अभी विचार-विमर्श शुरू नहीं किया है। पीटीआई के मुताबिक, लेकिन पार्टी और उसके सहयोगियों के भीतर यह सहमति बनती दिख रही कि बीजेपी नेतृत्व प्रयोग पर अत्यधिक ध्यान देने के बजाय संगठनात्मक जुड़ाव और वैचारिक शुचिता को प्राथमिकता देगा।
माना जा रहा है कि बीजेपी अपने ही किसी नेता को चुनेगी। लेकिन JDU सांसद हरिवंश समेत अन्य पर भी चर्चा हो रही है। राज्यसभा के उपसभापति के रूप में पांच साल से अधिक के कार्यकाल में उन्होंने सरकार के साथ विश्वास कायम किया है।