Rajnath Singh: 'ऑपरेशन सिंदूर तो बस एक झलक थी...पिक्चर अभी बाकी है', राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को दी सख्त चेतावनी

Rajnath Singh : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भुज स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर वायुसेना के जवानों से बातचीत के दौरान कहा कि भारत ने पाकिस्तान पर सख्त नजर रखी हुई है। उन्होंने कहा, "अगर पाकिस्तान ने अपना रवैया नहीं बदला तो उसे कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा

अपडेटेड May 16, 2025 पर 2:39 PM
Story continues below Advertisement
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान को "प्रोबेशन" पर रखा है।

Rajnath Singh : भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर और उसके बाद की गई जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी। इस झटकों के बाद भी आए दिन वो भारत को गीदड़ भभकी दे रहा है।  वहीं पाकिस्तान के इस गीदड़ भभकी की रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मुंहतोड़ जवाब दिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को एक सख्त संदेश देते हुए कहा कि भारत ने पाकिस्तान को "प्रोबेशन" पर रखा है। उन्होंने साफ किया कि अगर पाकिस्तान की गतिविधियां ठीक नहीं रहीं, तो भारत आगे और सख्त कदम उठा सकता है। यह चेतावनी उस समय दी गई जब पाकिस्तान की ओर से सीमा पर एक बार फिर से संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया।

पाकिस्तान को चेतावनी

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भुज स्थित एयरफोर्स स्टेशन पर वायुसेना के जवानों से बातचीत के दौरान कहा कि भारत ने पाकिस्तान पर सख्त नजर रखी हुई है। उन्होंने कहा, "अगर पाकिस्तान ने अपना रवैया नहीं बदला तो उसे कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।" राजनाथ सिंह ने इस मौके पर 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की जमकर तारीफ की। उन्होंने बताया कि इस ऑपरेशन के तहत भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक और असरदार हमले किए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ये ऑपरेशन अभी खत्म नहीं हुआ है, जरूरत पड़ने पर आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


ऑपरेशन सिंदूर तो बस एक झलक थी..

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन 'सिंदूर' अभी पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, "जो अब तक हुआ है, वो सिर्फ एक झलक थी। सही वक्त आने पर हम पूरी ताकत और सच्चाई दुनिया को दिखाएंगे।" उन्होंने बताया कि 'ऑपरेशन सिंदूर' का नाम खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया है। यह नाम न सिर्फ भारतीय परंपरा में विवाहित महिलाओं के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि यह 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए नरसंहार की ओर भी भावनात्मक रूप से इशारा करता है। रक्षा मंत्री ने इस ऑपरेशन को भारत की निर्णायक और सटीक कार्रवाई का उदाहरण बताया।

भारतीय सेना को सलाम

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायु सैनिकों की सराहना करते हुए कहा, "आप सभी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान बहुत ही बहादुरी और कुशलता से काम किया। मैं इस अभियान में शहीद हुए वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और जो जवान घायल हुए हैं, उनके जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।" उन्होंने आगे कहा, "भुज की धरती ने 1965 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत देखी थी और अब एक बार फिर इसने हमारी जीत का नया अध्याय देखा है।" राजनाथ सिंह के मुताबिक, यह अभियान देश की रक्षा में हमारे संकल्प और ताकत का प्रतीक है।

IMF पर उठाए सवाल

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) द्वारा पाकिस्तान को 1.023 बिलियन अमेरिकी डॉलर की दूसरी किश्त दिए जाने पर सवाल उठाया है। यह राशि "विस्तारित निधि सुविधा कार्यक्रम" के तहत दी गई है। उन्होंने आशंका जताई कि पाकिस्तान इस फंड का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने में कर सकता है। राजनाथ सिंह ने कहा, "मुझे लगता है कि पाकिस्तान को IMF से मिली इस बड़ी रकम का एक बड़ा हिस्सा अपने यहां आतंकवादी ढांचे को मजबूत करने में लगाया जाएगा।"उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मामले को गंभीरता से लेने की अपील की और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में किसी भी तरह की नरमी सही नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।