बिहार की राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पटना में एक होटल के कमरे से ब्रिटिश नागरिक की लाश मिली है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पटना के जक्कनपुर इलाके में एक होटल के कमरे से 76 साल के भारतीय मूल के एक ब्रिटिश नागरिक का शव मिला है। रिटायर्ड ब्रिटिश अधिकारी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है । मृतक की पहचान अजय कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो इंग्लैंड में बिजली विभाग से रिटायर्ड अधिकारी थे। वह बीते 18 जनवरी से होटल के कमरा नंबर 103 में ठहरे हुए थे।
फॉरेंसिक टीम कर रही है जांच
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अजय कुमार शर्मा के रूप में हुई है। वह 18 जनवरी से होटल में ठहरे हुए थे। सोमवार शाम करीब 4 बजे होटल के एक कर्मचारी ने उनके कमरे का दरवाज़ा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। फोन करने पर भी उन्होंने कॉल नहीं उठाई। इसके बाद होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो दरवाज़ा तोड़ा गया। अंदर देखा गया कि अजय कुमार शर्मा अपने बिस्तर पर मृत पड़े थे। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने कमरे की जांच की और जरूरी सबूत जुटाए।
फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (PMCH) भेज दिया गया है। वहीं, लंदन में रहने वाले मृतक के परिवार को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है।