Get App

Anand Mohan: बिहार के पूर्व बाहुबली सांसद आनंद मोहन को 'सुप्रीम' झटका! सजा में छूट का आदेश रद्द, IAS अधिकारी हत्याकांड मामले में करना होगा सरेंडर

Anand Mohan: सुप्रीम कोर्ट ने 1994 के IAS अधिकारी जी. कृष्णैया हत्याकांड में बिहार सरकार की ओर से दी गई पूर्व बाहुबली सांसद आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई की छूट को रद्द कर दिया है। अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर संबंधित जेल अथॉरिटी के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Nov 26, 2026 पर 1:17 PM
Anand Mohan: बिहार के पूर्व बाहुबली सांसद आनंद मोहन को 'सुप्रीम' झटका! सजा में छूट का आदेश रद्द, IAS अधिकारी हत्याकांड मामले में करना होगा सरेंडर
Anand Mohan: सुप्रीम कोर्ट ने IAS अधिकारी की हत्या के मामले में पूर्व सांसद आनंद मोहन को बिहार सरकार द्वारा दी गई सजा माफी को रद्द किया

Anand Mohan: बिहार के पूर्व सांसद आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहे पूर्व सांसद आनंद मोहन को बिहार सरकार की ओर से दी गई सजा में छूट गुरुवार (26 नवंबर) को रद्द कर दी। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने पूर्व सांसद को एक महीने के भीतर संबंधित अधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया। पीठ ने कहा कि मोहन को दी गई सजा में छूट का आदेश उचित नहीं था। कानूनी कसौटी पर खरा नहीं उतरता, क्योंकि राहत देने के मामले में निचली अदालत के जज की राय पर गलत तरीके से विचार किया गया था।

सुप्रीम कोर्ट ने मोहन को सजा में छूट देने संबंधी बिहार सरकार की 24 अप्रैल 2023 की अधिसूचना रद्द कर दी। इसके साथ ही अदालत ने बिहार कारागार नियमावली में किए गए उस संशोधन को भी निरस्त कर दिया, जिसके तहत ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या के दोषियों की समय से पहले रिहाई पर लगा प्रतिबंध हटा दिया गया था। हालांकि, पीठ ने स्पष्ट किया कि बिहार सरकार को मोहन की सजा में छूट देने से रोका नहीं गया है। लेकिन इसके लिए उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा।

एक महीने में करना होगा सरेंडर

शीर्ष अदालत ने कहा कि सजा में छूट देने की नई प्रक्रिया उनके एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने के बाद ही शुरू की जा सकती है। तेलंगाना निवासी भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारी जी. कृष्णैया की 1994 में मुजफ्फरपुर जिले में भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। उस समय उनका वाहन गैंगस्टर छोटन शुक्ला की अंतिम यात्रा से आगे निकलने की कोशिश कर रहा था। उस समय विधायक रहे आनंद मोहन इस अंतिम यात्रा में शामिल थे। उन पर भीड़ को कृष्णैया की हत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा था। दिवंगत अधिकारी की पत्नी उमा कृष्णैया ने याचिका दायर कर आनंद मोहन को दी गई सजा में छूट के आदेश को चुनौती दी है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें