रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर चोरों का धावा, जेवर और दस्तावेज लेकर भागे चोर, पुलिस से हाथापाई

शुरुआती जांच में पता चला है कि चोर घर से सोने के गहने और कई जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। रात में नियमित गश्त के दौरान पुलिस की चार्ली टीम को इलाके में तीन संदिग्ध लोग दिखाई दिए। जब पुलिस उनसे पूछताछ करने पहुंची तो तीनों ने विरोध किया, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की और मौके से भाग निकले

अपडेटेड Jun 28, 2026 पर 10:17 PM
Twisha Sharma Dowry Death Case: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर में चोरी हो गई।

ट्विशा शर्मा हत्या मामले की मुख्य आरोपियों में शामिल रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर में चोरी हो गई। इस हाई-प्रोफाइल मामले के बाद पुलिस ने चोरी की भी गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रात करीब 2 बजे तीन नकाबपोश लोग घर की पहली मंजिल पर बने पिछले दरवाजे से अंदर घुसे। ट्विशा शर्मा हत्याकांड सामने आने के बाद से यह घर पहले से ही जांच के दायरे में था। घटना के समय घर में सिर्फ गिरिबाला सिंह का बड़ा बेटा मौजूद था। वहीं, गिरिबाला सिंह और उनका छोटा बेटा समर्थ सिंह हत्या मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।

घर में हुई  चोरी

शुरुआती जांच में पता चला है कि चोर घर से सोने के गहने और कई जरूरी दस्तावेज लेकर फरार हो गए। रात में नियमित गश्त के दौरान पुलिस की चार्ली टीम को इलाके में तीन संदिग्ध लोग दिखाई दिए। जब पुलिस उनसे पूछताछ करने पहुंची तो तीनों ने विरोध किया, पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की और मौके से भाग निकले। भागते समय आरोपी एक बैग वहीं छोड़ गए। बैग में चांदी के कुछ कटोरे और कई दस्तावेज मिले हैं। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि बरामद सामान गिरिबाला सिंह के घर का है या फिर किसी दूसरी जगह से चोरी किया गया है।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश कश्यप ने बताया कि घटना की पुष्टि हो गई है। आरोपियों की पहचान करने और पूरी घटना का पता लगाने के लिए घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घर से आखिर कितना सामान चोरी हुआ है। परिवार अभी तक चोरी हुए गहनों, कीमती सामान और जरूरी दस्तावेजों की पूरी जानकारी जुटा रहा है।

परिवार की ओर से शिकायत दी जा रही है, जिसके बाद पुलिस एफआईआर दर्ज करेगी। तीनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और दूसरे तकनीकी सबूतों की मदद से जांच आगे बढ़ा रही है। यह चोरी इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि यह घर ट्विशा शर्मा हत्या मामले की जांच से जुड़ा हुआ है और इस केस में महत्वपूर्ण माना जाता है। पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ चोरी हुए सामान और आरोपियों से जुड़ी अन्य जानकारी भी सामने लाई जाएगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।