उत्तर प्रदेश में शुक्रवार 10 अप्रैल को एक बड़ा हादसा हुआ है। धार्मिक नगरी वृन्दावन में एक नाव पलट जाने से 10 लोगों की मौत हो गई है। इस नाव में पंजाब से आए पर्यटक सवार थे। यह घटना शुक्रवार दोपहर की है और इसमें कुछ लोगों की मौत हो गई है। अब तक 10 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बचाव अभियान अभी भी जारी है। जानकारी के मुताबिक, ये सभी श्रद्धालु थे जो वृन्दावन में दर्शन पूजन करने आए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
चल रहा था पुल के मरम्मत का काम
केशी घाट के पास हुए इस हादसे में अब तक 22 लोगों को पानी से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस और 8 पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (PRV) की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार, अभी पूरे हालात का आकलन किया जा रहा है, ताकि यह साफ हो सके कि कितने लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं और कितनों की इस दुखद घटना में जान गई है। बताया जा रहा है कि यहां एक पोंटून पुल बना हुआ है, जिसकी हालत पहले से खराब थी। इस पुल की मरम्मत का काम चल रहा था। शुरुआती अंदाजा है कि यह हादसा शायद इसी मरम्मत कार्य की वजह से हुआ हो सकता है।
15 लोगों को किया गया रेस्क्यू
वहीं इस हादसे को लेकर जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने इस हादसे की पुष्टि की है। उनके अनुसार, लुधियाना से करीब 30 तीर्थयात्री वृंदावन आए थे और उनकी नाव यमुना में पलट गई। अब तक 16-17 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि बाकी लोगों की तलाश जारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की टीमों को लगाया गया है। इसके अलावा, करीब 50 स्थानीय गोताखोर भी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। इस हादसे को लेकर एक स्थानीय गोताखोर गुलाब ने बताया कि अब तक लगभग 15 लोगों को नदी से बाहर निकाला जा चुका है और बाकी लोगों की तलाश लगातार जारी है।
वृंदावन नाव हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने बयान में कहा कि मथुरा में नाव पलटने की घटना बेहद दुखद है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहा है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा जारी बयान में भी यही बात दोहराई गई है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना का संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।