Mumbai Pune Expressway Traffic Jam: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लगा जाम खत्म, 33 घंटे बाद यातायात हुआ बहाल

Mumbai Pune Expressway Traffic Jam: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 33 घंटे के लंबे जाम के बाद गुरुवार सुबह यातायात सामान्य हो गया। इस जाम के कारण हजारों यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक, पहाड़ी खंडाला घाट खंड में एक गैस टैंकर के पलटने के बाद जाम लगा।

अपडेटेड Feb 05, 2026 पर 11:49 AM
Story continues below Advertisement
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लगा जाम खत्म, 33 घंटे बाद यातायात हुआ बहाल

Mumbai Pune Expressway Traffic Jam: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर 33 घंटे के लंबे जाम के बाद गुरुवार सुबह यातायात सामान्य हो गया। इस जाम के कारण हजारों यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि पहाड़ी खंडाला घाट खंड में एक गैस टैंकर के पलटने के बाद मंगलवार शाम को यातायात जाम शुरू हुआ था।

समाचार एजेंसी PTI के अनुसार, गैस टैंकर को बुधवार को खाली कर दिया गया और गुरुवार सुबह अडोशी सुरंग के पास से हटा दिया गया। महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के एक अधिकारी ने बताया कि अत्यधिक ज्वलनशील गैस से भरे टैंकर को दुर्घटनास्थल से हटाए जाने के बाद मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर सुबह 1.46 बजे यातायात बहाल कर दिया गया।

मुंबई और पुणे के बीच 90 किलोमीटर लंबे मार्ग पर हजारों यात्री शौचालय, पीने के पानी या भोजन की सुविधा के बिना फंसे रहे।

ट्रैफिक जाम के चरम पर, रुके हुए वाहनों की कतारें 20 किलोमीटर तक लंबी हो गईं। महिलाओं और बच्चों सहित यात्री कई घंटों तक अपने वाहनों में बिना भोजन, पानी या शौचालय की सुविधा के फंसे रहे।


घटना के बड़े असर को देखते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (MSRDC) के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस घटना पर एक रिपोर्ट तैयार करें और भविष्य में ऐसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए सुझाव भी दें।

हाईवे पुलिस के पुलिस अधीक्षक तानाजी चिखले ने मीडिया से कहा, “टैंकर में 21 टन प्रोपाइलीन गैस थी, जिसे दूसरे टैंकर में भर दिया गया है। गैस कंपनी की टीम से सुरक्षा की पुष्टि मिलने के बाद पलटे हुए टैंकर को मौके से हटाया जाएगा। एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक पूरी तरह सामान्य होने में अभी कुछ समय लगेगा।”

ट्रैफिक बहाल

MSRDC अधिकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात पलटे हुए टैंकर से प्रोपाइलीन गैस को दूसरे टैंकरों में ट्रांसफर कर दिया गया। इसके बाद भारी क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को हटाया गया।

उन्होंने बताया, “हादसे वाली जगह से खराब गैस टैंकर हटाए जाने के बाद मुंबई–पुणे एक्सप्रेसवे पर रात 1:46 बजे से ट्रैफिक फिर से शुरू कर दिया गया।”

सफाई अभियान पूरा होने के बाद घाट खंड में वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हो गई, हालांकि कुछ समय तक जाम बना रहा क्योंकि कई भारी वाहन उस मार्ग पर फंसे हुए थे।

यह भी पढ़ें: Chhattisgarh Naxalite Encounter: बीजापुर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।