Firing in Sahibabad Mandi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले की साहिबाबाद मंडी में सोमवार (11 अगस्त) को सरेआम फायरिंग से हड़कंप मच गया। गोलीबारी में एक व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया है। जब दो लोगों को हल्की चोट लगी है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि मंडी सचिव ने किसी विवाद को लेकर सोमवार को आढ़तियों की एक मीटिंग बुलाई थी। इस दौरान किसी बात को लेकर व्यापारी आपस में ही भिड़ गए। तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े फायरिंग से व्यापारी दहशत में आ गए हैं।
फायरिंग का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बदमाशों को गोलियां चलाते और कुर्सियां फेंकते हुए देखा जा सकता है। फायरिंग होते ही मंडी में भगदड़ मच गई। 'अमर उजाला' के मुताबिक, नवीन फल सब्जी मंडी साहिबाबाद में मंडी सचिव की तरफ से बुलाई गई बैठक के दौरान सोमवार सुबह करीब 11 बजे विवाद हुआ। झगड़े के दौरान भीड़ में मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने तीन राउंड फायरिंग कर दी।
इस गोलीबारी में वहां मौजूद पल्लेदार सचिन एवं चाय का खोखा चलाने वाले दो युवकों के पैर में गोली लग गई। इसके बाद वहां हंगामा शुरू हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को कंट्रोल कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल, मामले की पड़ताल की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में सफेद कुर्ता पहने एक व्यक्ति लोगों पर पिस्तौल तानता हुआ दिखाई दे रहा है। उसके कथित समर्थकों को संपत्ति को नुकसान पहुंचाते और उपस्थित लोगों पर कुर्सियों से हमला करते देखा जा सकता है। वायरल फुटेज में गोली चलने के बाद कुछ लोग बंदूकधारी का पीछा करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, इस झड़प में एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वायरल वीडियो में फायरिंग के बाद व्यापारी एक-दूसरे के ऊपर कुर्सियां फेंकते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान पीछे से गोलियां चलने की भी आवाज सुनाई दे रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बाजार के व्यापारियों ने यूपी पुलिस के सामने ही काफी हंगामा किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना के वक्त बाजार परिसर में बड़ी संख्या में मार्केट कमेटी के सदस्य, फल विक्रेता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। गोलीबारी शुरू होते ही मार्केट में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।