UP News: उत्तर प्रदेश के एक मदरसे में 11 वर्षीय नाबालिग बच्चे से कुकर्म के आरोप में पुलिस ने 70 वर्षीय एक मौलाना को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार (23 मार्च) को बताया कि मुजफ्फरनगर जिले के शाहपुर कस्बे में 11 साल के एक मदरसा छात्र के साथ 70 वर्षीय उसके टीचर मौलाना ने कथित रूप से दुष्कर्म किया। पुलिस अधीक्षक (SP ग्रामीण) आदित्य बंसल ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने मदरसा टीचर इकबाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर एक वीडियो के वायरल होने के बाद की। वायरल वीडियो में मौलाना पीड़ित लड़के के साथ दुष्कर्म करते हुए नजर आ रहा है। पीड़ित छात्र के परिवार द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनका लड़का मदरसा का छात्र है। उसके टीचर इकबाल ने उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर उसे किसी से भी इस बारे में बात न करने की धमकी दी।
SP आदित्य बंसल ने बताया कि यह घटना तब सामने आई जब टीचर के इस घिनौने कृत्य का एक वीडियो सार्वजनिक हो गया। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जब वीडियो बच्चे के परिवार तक पहुंचा तो उनके होश उड़ गए। परिवार ने जब नाबालिग से पूछताछ की तो उसने अपनी आपबीती सुनाई।
दैनिक भास्कर के मुताबिक, पीड़ित नाबालिग ने परिवार वालों को बताया कि मौलाना उसे उर्दू पढ़ाता था। उसने बताया कि क्लास के बाद किसी काम या साफ-सफाई के बहाने रोक लेता था। फिर दूसरे कमरे में ले जाकर कुकर्म करता था। साथ ही छात्र को धमकाता था कि अगर किसी को इस बारे में बताया तो अच्छा नहीं होगा। वीडियो ईद की रात यानी 21 मार्च का बताया जा रहा है।
मुजफ्फरनगर में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प
इस बीच, पुलिस ने सोमवार को बताया कि मुजफ्फरनगर जिले में रतनपुरी क्षेत्र के रियावली नगला गांव में एक मामूली विवाद पर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प में 10 लोग घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आदित्य बंसल ने बताया कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। उन्होंने बताया कि एक वाहन को लेकर दो व्यक्तियों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।
उन्होंने बताया कि घटना के दौरान दोनों पक्षों ने कथित तौर पर पत्थर फेंके और लाठियों से एक-दूसरे पर वार किया, जिससे कई लोग घायल हो गए। SP के अनुसार पुलिस ने इस घटना के संबंध में कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले में 16 लोगों को गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं।