Prayagraj News: यूपी के प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहने से 4 मजदूरों की मौत! 12 श्रमिक घायल, PM मोदी ने जताया दुख

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक दुखद खबर सामने आ रही है। सोमवार (23 मार्च) को फाफामऊ इलाके में एक कोल्ड स्टोर का एक हिस्सा ढह गया है। इसमें कई मजदूरों के दबने की खबर है। फिलहाल, बचाव-राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। इस दुर्घटना में 9 श्रमिक घायल हो गए हैं। हादसे में 4 मजदूरों के मौत हो गई है

अपडेटेड Mar 23, 2026 पर 8:10 PM
Prayagraj News: प्रयागराज के फाफामऊ इलाके में कोल्ड स्टोरेज में धमाका होने से बड़ा हादसा हो गया। अभी बचाव अभियान जारी है

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में गंगानगर के फाफामऊ थाना क्षेत्र में सोमवार (23 मार्च) दोपहर एक कोल्ड स्टोरेज अचानक ढह गया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद इससे अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक इस दुर्घटना में 12 श्रमिक घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि घायल मजदूरों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई है। जबकि घोयलों में से कुछ की हालत नाजुक है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने पीटीआई को बताया, "कोल्ड स्टोरेज ढहने की घटना में अभी तक चार लोगों की दुखद मौत हो चुकी है। जबकि 12 श्रमिक घायल हैं जिनका इलाज एसआरएन अस्पताल में चल रहा है।" उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल से मलबा हटाकर लोगों की तलाश रही है।

फिलहाल, बचाव-राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। डीसीपी (गंगा नगर) कुलदीप गुनावत ने बताया कि फाफामऊ थानाक्षेत्र में एक कोल्ड स्टोरेज आज दोपहर अचानक भर भराकर ढह गया। इससे 12 श्रमिक घायल हो गए हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस की टीम राहत एवं बचाव कार्य में लगी है। फायर विभाग की टीम भी सक्रिय है जो गैस रिसाव बंद करने की दिशा में काम कर रही है।


जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया, "हमें आज दोपहर डेढ़-दो बजे के बीच फाफामऊ में कोल्ड स्टोरेज ढहने की सूचना मिली जिस पर मैं और पुलिस आयुक्त समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एनडीआरएफ की टीम पहुंचने वाली है।"

उन्होंने आगे बताया, "लगातार मलबा हटाया जा रहा है। मलबे में कितने लोग फंसे हैं, इसकी सटीक सूचना अभी नहीं मिल पा रही है। हालांकि प्रशासन तेजी से राहत एवं बचाव कार्य में लगा है ताकि कोई भी व्यक्ति मलबे में फंसा न रहे।"

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल, बचाव और राहत कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। मौके पर एंबुलेस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम, एसडीआरएफ और प्रयागराज पुलिस के जवान मौजूद हैं। करीब आधा दर्जन बुलडोजर के सहारे मलबे को हटाया जा रहा है।

कोल्ड स्टोरेज की तरफ जाने वाले रूट्स का डाइवर्जन कर दिया गया है। 'इंडिया टुडे' की रिपोर्ट के मुताबिक, जिस कोल्ड स्टोरेज में हादसा हुआ है वह समाजवादी पार्टी (SP) की सरकार में मंत्री रहे अंसार अहमद का है। घटनास्थल पर पहुंचे प्रयागराज के मेयर गणेश केसरवानी ने कोल्ड स्टोरेज के मानकों पर सवाल उठाए हैं।

ये भी पढ़ें- 'तेल का स्टॉक पर्याप्त है, लेकिन LPG की सप्लाई अभी भी चिंता का विषय'; मिडिल ईस्ट जंग पर भारत सरकार का बयान

एक अधिकारी ने बताया कि कोल्ड स्टोरेज जिस समय गिरा उस समय वहां पर दो दर्जन से अधिक मजदूर मौजूद थे, जो मलबे में दब गए। उन्होंने कहा कि हादसे की जांच होगी और जो दोषी होगा उसपर कार्रवाई होगी। फिलहाल, मृतकों के बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पीएम मोदी ने मुआवजे का किया ऐलान

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की तरफ से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रयागराज में इस घटना पर दुख व्यक्ति करते हुए कहा है, "इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के साथ मेरी सहानुभूति है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।"

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर लिखा, "प्रयागराज के कोल्ड स्टोरेज में हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद एवं ह्रदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। इस दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनका समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए गए हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।