Get App

UP Road Accident: यूपी के हापुड़ में दर्दनाक सड़क हादसा! बस और ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की मौत, कई घायल

Hapur Road Accident: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में शादी की बारात से लौट रहे यात्रियों से भरी एक बस की धौलाना-गुलावटी रोड पर एक ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। हादसे के तुरंत बाद घायलों को अस्पताल भेजा गया, जिनमें से 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 7 घायल लोगों का इलाज चल रहा है

Akhilesh Nath Tripathiअपडेटेड Apr 13, 2026 पर 7:25 AM
UP Road Accident: यूपी के हापुड़ में दर्दनाक सड़क हादसा! बस और ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की मौत, कई घायल
UP Accident: हापुड़ में धौलाना-गुलावटी रोड पर बस और ट्रक की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई (फोटो- AI)

Hapur Road Accident: उत्तर प्रदेश से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आ रही है। यूपी के हापुड़ में धौलाना-गुलावटी रोड पर बस और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में 6 लोगों की मौत हुई। अधिकारियों ने बताया कि इस दर्दनाक हादसे में कई लोग घायल हो गए हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में कम से कम 7 लोग घायल हैं। हापुड़ पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। बस में कुल 12 लोग सवार थे।

हापुड़ के SP ज्ञानंजय सिंह ने कहा, "शादी की बारात से लौट रहे यात्रियों से भरी एक बस की धौलाना-गुलावटी रोड पर एक ट्रक से टक्कर हो गई। पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। फिर जांच की और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को अस्पताल भेजा गया, जिनमें से 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 7 घायल लोगों का इलाज चल रहा है।"

अधिकारी ने आगे बताया, "ट्रक को मौके से हटा दिया गया है। अब ट्रैफिक की स्थिति सामान्य है। मृतकों के परिजन मौके पर पहुंच गए हैं। कानूनी कार्रवाई चल रही है। बस में कुल 12 लोग सवार थे। उनमें से एक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। संभवतः वह बस का ड्राइवर था।"

इससे पहले मथुरा जिले में रविवार को एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट जाने से 12 यात्री घायल हो गए। घटना नौझील थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे के नोएडा-आगरा रूट पर हुई। पुलिस ने बताया कि डबल डेकर बस नोएडा से दरभंगा जा रही थी। उसमें 72 यात्री सवार थे।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें